शांत नहीं बैठेगी CJP? अभिजीत दीपके के घर बुलाई गई मीटिंग, तय होगा भविष्य का एजेंडा
Raisina News Desk- अगस्त 03, 2026 08:05 AM IST

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में 5 अगस्त को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की अहम बैठक होने वाली है. इस बैठक में पार्टी के तमाम प्रमुख नेता हिस्सा लेंगे और आगे की रणनीति पर मंथन करेंगे. बताया जा रहा है कि बैठक में पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके भी मौजूद रहेंगे.
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन के बाद कॉकरोच जनता पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं को कुछ समय परिवार के साथ बिताने के लिए कहा था. इसके अलावा पार्टी के मुख्य सदस्यों को निर्देश दिए गए थे कि वे छात्रों और स्वयंसेवकों से लगातार मुलाकात करें, उनकी राय और सुझाव लें और उन्हें बैठक में लेकर आएं.
बताया जा रहा है कि 5 अगस्त की बैठक के बाद CJP प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी जिसमें आगे के आंदोलन और दूसरे कार्यक्रमों को लेकर अपने फैसलों की जानकारी दी जाएगी.
यह बैठक कॉकरोच जनता पार्टी के लिए इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि दिल्ली के जंतर-मंतर पर पार्टी का आंदोलन काफी सफल रहा था. इस आंदोलन के बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दे दिया. इसके अलावा केंद्र सरकार ने पेपर लीक के खिलाफ सख्त कानून भी बनाया है. इससे जुड़ा विधेयक लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों से पारित हो चुका है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है.
वैसे कुछ दिन पहले कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर पुलिस छात्रों को लगातार इसी तरह परेशान करती रही तो कॉकरोच जनता पार्टी एक बार फिर अपना शांतिपूर्ण आंदोलन शुरू करेगी. उन्होंने सरकार से अपील की है कि आंदोलनकारी छात्रों को किसी भी कीमत पर टारगेट न किया जाए. उनका उत्पीड़न तुरंत बंद होना चाहिए.
ये भी पढ़ें- प्रदर्शनकारियों की रिहाई पर क्या है गतिरोध?
सीजेपी के प्रवक्ता आशुतोष ने भी इस मामले पर खुलकर बयान दिया है. उनका कहना है कि केंद्र सरकार को समय पर अपने सभी वादे पूरे करने होंगे.सरकार को यह सुनिश्चित करना होगा कि किसी भी प्रदर्शनकारी के खिलाफ भविष्य में कोई कार्रवाई न हो.उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने तुरंत कदम नहीं उठाए तो देश की सड़कें एक बार फिर विरोध प्रदर्शनों से गूंज उठेंगी.