ग्रीन पार्क मेट्रो स्टेशन के पास रविवार दोपहर एक इमारत के भूतल पर स्थित हेलमेट की दुकान में भीषण आग लग गई। दुकान से उठती आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दिया। आग फैलने के दौरान इमारत में मौजूद दो महिलाएं अंदर ही फंस गईं। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने सीढ़ी की मदद से दोनों महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दमकलकर्मियों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
दमकल विभाग के मुताबिक रविवार दोपहर करीब 3.10 बजे ग्रीन पार्क मेट्रो स्टेशन के पास एक इमारत में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने पहुंचकर देखा कि इमारत के भूतल पर स्थित हेलमेट की दुकान आग की चपेट में आ चुकी है। दुकान से तेजी से धुआं निकल रहा है। दमकलकर्मियों ने एक तरफ आग बुझाने का अभियान शुरू किया, वहीं दूसरी ओर दो मंजिला इमारत में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुट गए। इसी दौरान दो महिलाएं 61 वर्षीय शोभा देवी और 32 वर्षीय बीना इमारत में फंसी मिलीं।
दमकलकर्मियों ने सीढ़ी लगाकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दमकल की नौ गाड़ियों की मदद से आग बुझाने का काम जारी रखा गया। करीब 35 मिनट की मशक्कत के बाद दोपहर 3:45 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। स्थानीय पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।