अमेरिकी कांग्रेस के सदस्य ब्रैड शर्मन ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर आरोप लगाया है कि उनका प्रशासन रूसी तेल आयात का मुद्दा उठाकर भारत पर आर्थिक दबाव बनाने की योजना बना रहा है। शर्मन के बयान ने भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
ब्रैड शर्मन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि राष्ट्रपति ट्रंप भारत पर भारी टैरिफ लगाने के लिए बहाने खोज रहे हैं। उनके मुताबिक, तर्क यह दिया जा रहा है कि भारत रूस से तेल खरीद रहा है।
शर्मन ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि भारत अपनी कुल जरूरत का केवल 21 प्रतिशत कच्चा तेल रूस से आयात करता है। इसके बावजूद भारत को निशाना बनाया जा रहा है।
उन्होंने तुलना करते हुए कहा कि हंगरी अपने लगभग 90 प्रतिशत कच्चे तेल की आपूर्ति रूस से करता है, लेकिन उस पर कोई अमेरिकी टैरिफ नहीं लगाया गया। वहीं चीन, जो रूस का सबसे बड़ा तेल खरीदार है, उस पर भी रूस से तेल खरीदने के आधार पर कोई अलग से जुर्माना नहीं लगाया गया है, हालांकि अन्य कारणों से चीन पर टैरिफ लगाए गए हैं।