57 बार केस लिस्ट हुआ, सुनवाई से पहले मरीज की मौत, अब CJI ने खुद लिया संज्ञान, आज सुनवाई
Raisina News Desk- जुलाई 17, 2026 02:47 AM IST

नई दिल्ली:
ब्रेस्ट कैंसर से जान बचाने वाली दवा को सस्ती करने की मांग वाली याचिका केरल हाई कोर्ट में 4 साल से लंबित है. 57 बार सुनवाई हो चुकी है लेकिन अब तक कोई फैसला नहीं आया है. इस मामले पर अब सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने स्वतः संज्ञान लिया है. मामले पर चीफ जस्टिस सूर्यकांत वाली बेंच शुक्रवार को सुनवाई करेगी.
दरअसल, यह मामला केरल हाई कोर्ट में जून 2022 से लंबित है. ब्रेस्ट कैंसर से जूझ रही एक महिला ने महंगी दवा की कीमत कम करने के लिए याचिका दायर की थी, लेकिन अदालत का फैसला आने से पहले ही महिला की मौत हो गई.
इसके बाद भी केरल हाई कोर्ट ने केस बंद करने से मना कर दिया. अदालत का कहना था कि यह मामला सिर्फ एक महिला का नहीं है, बल्कि उस दवा की जरूरत वाले हर मरीज का है. 4 साल में यह केस हाई कोर्ट में 57 बार लिस्ट हो चुका है लेकिन कोई अंतिम फैसला नहीं आया है.
मामले की जल्द सुनवाई की मांग को लेकर ज्योत्सना सिंह और केएम गोपाकुमार ने केरल हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस को चिट्ठी लिखी थी. इस चिट्ठी की कॉपी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और CJI सूर्यकांत को भी भेजी थी. इसी पर स्वतः संज्ञान लेते हुए CJI सूर्यकांत ने इसे शुक्रवार की सुनवाई के लिए लिस्ट किया है.