'पेपर लीक पर हमारी कैबिनेट और सख्त फैसला लेगी…', पीएम मोदी ने छात्रों को दिया भरोसा

नई दिल्ली:

NEET पेपर लीक को लेकर जारी विवाद और छात्र प्रदर्शनों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छात्रों के नाम एक वीडियो संदेश जारी किया. पीएम मोदी ने आश्वासन दिया कि पेपर लीक जैसी घटनाओं के खिलाफ सरकार और सख्त कार्रवाई करेगी. उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

लाखों विद्यार्थियों के लिए यह बहुत ही पीड़ादायक : PM मोदी

PM मोदी ने कहा कि मैं जानता हूं कि पेपर लीक कोई मामूली विषय नहीं है. लाखों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के लिए यह बहुत ही पीड़ादायक है. इसलिए पेपर लीक की घटना के बाद पिछले ढाई महीनों में अनेक विधि-सम्मत कदम उठाए गए हैं. गुनहगारों को पकड़ा गया है, वे जेल में हैं.

देर रात वीडियो जारी कर PM मोदी ने कहा कि हमारी सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी थी कि विद्यार्थियों का एक वर्ष बर्बाद न हो. तत्काल परीक्षाएं लेना बहुत जरूरी था. सरकार ने पूरी शक्ति का उपयोग करते हुए कम से कम समय में करीब 22 लाख विद्यार्थियों की परीक्षाएं कराने का प्रबंध किया. अभी पांच-छह दिन पहले, 19 तारीख को, परिणाम भी आ गया है.  उत्तीर्ण हुए विद्यार्थियों की खुशियों की खबरें भी आ रही हैं. लेकिन हम वहीं संतोष मानने वाले लोगों में से नहीं हैं. 

PM मोदी ने कहा कि मैंने आज फास्ट ट्रैक कोर्ट के लिए विभागों को निर्देश दिए थे. विभागों ने लगातार मेहनत करके देर रात मुझे इसका मसौदा भी दे दिया है. फास्ट ट्रैक कोर्ट और कठोर सजा के प्रावधानों वाला यह मसौदा कल कैबिनेट में चर्चा के लिए आएगा. कैबिनेट के साथियों के सुझावों के बाद इसे अंतिम रूप दिया जाएगा. सोमवार से संसद का दूसरा सप्ताह शुरू हो रहा है. हम जल्द से जल्द उस बिल को सदन में पारित कराने का प्रयास करेंगे.

बता दें कि जंतर-मंतर पर चल रहे CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) और छात्रों के आंदोलन 31वें दिन में प्रवेश कर चुका है. प्रदर्शनकारी NEET पेपर लीक, परीक्षा प्रणाली में सुधार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं.

ये भी पढ़ें : मेरा रास्ता शांति का, हमारी प्रतिक्रिया भी वैसी ही होनी चाहिए : सोनम वांगचुक ने प्रदर्शनकारियों से की ये अपील

यह भी पढ़ेंः कौन हैं नरेश पाल गंगवार, जिन्हें बनाया गया शिक्षा विभाग का नया सचिव? विनीत जोशी की जगह संभालेंगे जिम्मेदारी



Prev Post
Next Post