मेरे चुनाव जीतने से बांकीपुर बेंगलुरु नहीं बनेगा, लेकिन बदलाव दिखेगा; प्रशांत किशोर की PM मोदी से एक अपील
Raisina News Desk- अगस्त 03, 2026 04:33 PM IST

बांकीपुर:
बांकीपुर विधानसभा के उपचुनाव में निर्णायक बढ़त बनाने वाले प्रशांत किशोर ने मीडिया से बात की है. उन्होंने कहा कि अगर आप किसी अपराधी को बिहार का सीएम बनाएंगे तो राज्य की तरक्की नहीं हो सकती. उनके पास बहुमत है तो सीएम उनका ही बनेगा. हमारा मुख्यमंत्री तो नहीं बनेगा, लेकिन पीएम नरेंद्र मोदी से हमारी अपील है कि किसी चरित्रवान व्यक्ति को सीएम बनाया जाए. प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार का आदमी सिर्फ मेहनत और मजदूरी के लिए ही नहीं बना है. क्या गुजरात के लोग एक लाख करोड़ की बुलेट से चलेंगे और बिहार के लोग मजदूरी करते रहेंगे. उन्होंने कहा कि यदि भाजपा को लगता है कि कुशवाहा समाज के ही किसी नेता को सीएम बनाना है तो किसी अच्छे नेता को मौका दें.
उन्होंने बांकीपुर में अपनी जीत को लेकर कहा कि यह चुनाव विधायक बनाने का नहीं था, लेकिन सरकार के कामकाज पर इसे जनमत माना जा सकता है. पीके ने कहा कि जनता की क्या राय है और उसकी क्या प्राथमिकता यह बताने की कोशिश जनता ने की है. प्रशांत किशोर ने कहा कि सम्राट चौधरी का बैकग्राउंड आपराधिक है और उन्हें मुख्यमंत्री जैसे पद पर नहीं रहना चाहिए. प्रशांत किशोर ने कहा कि हमारी यह मांग रहेगी कि बिहार का ऐसा विकास हो कि यहां से पलायन बंद हो जाए. जन सुराज के नेता ने कहा कि मैं भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व से अपील करता हूं कि किसी बढ़िया नेता को बिहार का मुख्यमंत्री बनाया जाए.
बता दें कि प्रशांत किशोर पहले भी खुलेआम हमला बोलते रहे हैं. उनकी ओर से सम्राट चौधरी पर सीधे तौर पर कई बार निशाना साधा गया है. 2025 के विधानसभा चुनाव में भाजपा में प्रशांत किशोर की जन सुराज ने कुल 238 सीटों पर कैंडिडेट उतारे थे. लेकिन एक भी सीट पर जीत नहीं मिली थी और 235 सीटों पर पार्टी की जमानत जब्त हो गई थी. उस नतीजे को पीके के लिए बड़ा झटका माना गया था, लेकिन इस बार उन्होंने भाजपा को झटका दे दिया है. माना जा रहा है कि पीके के विधानसभा पहुंचने के बाद सदन का माहौल भी बदलेगा. इसके अलावा विपक्ष के तौर पर भी एक ऐसे नेता को सदन में सुना जा सकेगा, जो तार्किक डिबेट के लिए चर्चित रहे हैं.
पढ़ें: प्रशांत किशोर ने कैसे ढहाया BJP का किला? बांकीपुर में जन सुराज की जीत के 5 बड़े कारण