मणिपुर वालों के लिए खुशखबरी! CM ने कर दिया सभी राष्ट्रीय राजमार्गों को खोलने का ऐलान
Raisina News Desk- अगस्त 08, 2026 08:32 PM IST

मणिपुर में जारी जातीय संघर्ष के बीच मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने शनिवार को बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि सभी राष्ट्रीय राजमार्गों को तत्काल प्रभाव से खोला जा रहा है. उन्होंने इंफाल-दिमापुर बस सेवा को भी दोबारा शुरू करने की बात कही है.
सभी समुदायों के बीच मेल-मिलाप को तेज करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने यह ऐलान किया है. सीएम ने कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया. अलग-अलग सरकारी योजनाओं के तहत लाभार्थियों को लाभ वितरित किए गए.
विकास परियोजनाओं के उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि मणिपुर का इतिहास करीब 3,000 साल पुराना है. कुछ ऐतिहासिक घटनाओं को याद करते हुए उन्होंने 19वीं सदी के ‘सात साल के विनाश’ यानी ‘Seven Years’ Devastation’ को राज्य के इतिहास के सबसे त्रासद दौर में से एक बताया.
मुख्यमंत्री ने इस बात पर भी जोर दिया कि मणिपुर की सीमाओं का निर्माण सभी समुदायों ने मिलकर किया है और सभी ने मिलकर इसकी रक्षा की है. उनके मुताबिक, कुछ निहित स्वार्थ वाले लोग अपने फायदे के लिए लोगों को गुमराह करने की कोशिश की. मुख्यमंत्री ने सभी से अपील की है कि लोग सबसे पहले खुद को भारतीय के तौर पर देखें और उसके बाद एक मणिपुरी के तौर पर.
ये भी पढ़ें- अरबईन वॉक के बारे में आप कितना जानते हैं?
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा है कि पूर्वोत्तर का विकास होना जरूरी है. उदाहरण देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि अमेरिका के लोग अपनी राष्ट्रीयता पर गर्व करते हैं और सिंगापुर के लोग सिंगापुरी होने पर गर्व करते हैं. लेकिन मणिपुर में कुछ लोग खुद को मणिपुरी कहने में भी हिचकिचा रहे हैं.