सुबह-सुबह आया भूकंप, लेह लद्दाख में 5.5 तीव्रता के झटके से हिली धरती

लद्दाख का लेह गुरुवार सुबह तेज भूकंप के झटकों से दहल गया. नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के मुताबिक, लेह में गुरुवार सुबह 6 बजकर 5 मिनट पर भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए. रिक्टर स्केल पर इसी तीव्रता 5.5 दर्ज गई. इसकी गहराई 10 किमी. जमीन के नीचे थी.भूकंप के झटके इतने तेज थे कि लोगों में हड़कंप मच गया. वे अपने घरों से निकलकर सड़क पर आ गए. हालांकि अब तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई खबर सामने नहीं आई है.

 नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी ने अपने एक्स प्लेटफॉर्म पर लेह में आए भूकंप की सूचना दी है. इसके मुताबिक, लेह में आए भूकंप का केंद्र 36.881 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 74.402 डिग्री पूर्वी देशांतर पर था. 
 

भूकंप से दहशत, घरों से बाहर निकले लोग

लेह की धरती इतनी सुबह डोली जब लोग घरों में आराम से सो रहे थे. भूकंप के झटके इतने तेज थे कि नींद में ही लोगों ने इसे महसूस कर लिया. दहशत में आए लोग घर से निकलकर बाहर भागने लगे. 

 4.5 से ज्यादा तीव्रता वाले भूकंप कितने खतरनाक?

7.0 या उससे ज्यादा  तीव्रता वाले भूकंप को खतरनाक श्रेणी में रखा जाता है, वहीं, 2.0 या उससे कम तीव्रता वाले भूकंप को माइक्रो भूकंप कहा जाता है. इस दौरान झटके बहुत हल्के होते हैं तो अक्सर लोग इसे महसूस नहीं कर पाते हैं. लेकिन 4.5 या उससे ज्यादा तीव्रता वाले भूकंप को हल्के में नहीं लिया जा सकता. इस तरह के भूकंप घरों और इमारतों को नुकसान पहुंचाने की क्षमता रखते हैं. 

नासिक में आया था 4.3 तीव्रता का भूकंप

बता दें कि पिछले कुछ दिनों में देश के कई हिस्सों की धरती भूकंप से डोल गई. 8 अगस्त को महाराष्ट्र के नाशिक जिले में रात के समय भूकंप के झटके महसूस किए गए थे. भूकंप की तीव्रता 4.3 दर्ज की गई थी. एनसीएस के मुताबिक, यह भूकंप 8 अगस्त की रात 10 बजकर 59 सेकंड पर आया. भूकंप का केंद्र 20.424 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 73.682 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था.भूकंप की गहराई जमीन के अंदर 5 किलोमीटर दर्ज की गई. भूकंप का केंद्र नाशिक जिले में होने की वजह से आसपास के कुछ इलाकों में भी इसके झटके महसूस किए गए.

दिल्ली-एनसीआर में भी तड़के आया था भूकंप

वहीं 2 अगस्त को दिल्ली-एनसीआर में भी तड़के भूकंप के झटके महसूस किए गए थे. रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 2.9 मापी गई थी. इसका केंद्र  दिल्ली का उत्तरी जिला रहा. ये झटके रविवार तड़के 04:14:01 बजे दर्ज किए गए थे. हालांकि ये भूकंप इतना हल्का था कि किसी तरह का कोई नुकसान इससे नहीं हुआ था.
 

ये भी पढ़ें-जापान में आया खौफनाक भूकंप, ऑपरेशन थिएटर में मरीज को बचाने के लिए खुद ढाल बने डॉक्टर


Prev Post
Next Post