मैं दिमागी नक्सली हूं, क्योंकि देशभक्त हूं… अरविंद केजरीवाल बोले- मुझे इस पर गर्व

नई दिल्ली:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वतंत्रता दिवस के मौके पर ‘दिमागी नक्सली’ वाली स्पीच के बाद देश में सियासी घमासान मचा हुआ है. अब दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी इस सिलसिले में अपना बयान जारी किया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर वर्टिकल फॉर्म वीडियो जारी करते हुए कहा कि मैं दिमागी नक्सली हूं क्योंकि मैं देशभक्त हूं और मुझे इस पर गर्व है. 

केजरीवाल ने कहा, “प्रधानमंत्री के हिसाब से दिमागी नक्सल कौन है? जो इस देश में सवाल उठाने की हिम्मत करता है, पीएम के हिसाब से वो दिमागी नक्सली है.”

अरविंद केजरीवाल ने देश में चर्चित तमाम मुद्दों का जिक्र करते हुए पीएम मोदी पर पलटवार किया. उन्होंने कहा, “जो सड़ी-गली व्यवस्था को बदलना चाहता है, जो अच्छे सरकारी स्कूल चाहता है, जो अच्छे सरकारी अस्पताल चाहता है. जो बिजली चाहता है, पानी चाहता है, सीवर चाहता है, अच्छी व्यवस्था चाहता है, भ्रष्टाचार मुक्त भारत का सपना देखता है, वो प्रधानमंत्री के हिसाब से दिमागी नक्सली है.”

‘अगर भगत सिंह, आंबेडकर जिंदा होते…’

अरविंद केजरीवाल ने कहा, “जो प्रधानमंत्री और बीजेपी से डरता नहीं है, जो एक विकसित भारत का सपना देखता है, वो प्रधानमंत्री के हिसाब से दिमागी नक्सली है.” उन्होंने आगे कहा कि आज अगर भगत सिंह जिंदा होते, तो पीएम उनको भी दिमागी नक्सली बोलते. आज अगर बाबा साहेब आंबेडकर जिंदा होते, जिन्होंने सबकी बराबरी के लिए लड़ाई लड़ी थी, तो प्रधानमंत्री उनको भी नहीं छोड़ते और दिमागी नक्सली बोलते.

ये भी पढ़ें: सीजेपी के बाद अब ‘दिमागी नक्सल जनता पार्टी’ नाम से सोशल मीडिया पर नया अकाउंट

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक ने पीएम की ओर मुखातिब होते हुए कहा, “मैं अरविंद केजरीवाल, आपके हिसाब से दिमागी नक्सली हूं, क्योंकि मैं देशभक्त हूं. मुझे इस बात का गर्व है. अगर देश के खिलाफ कोई कुछ करेगा या कोई कुछ बोलेगा, तो केजरीवाल पूरी ताकत के साथ उसका मुकाबला करेगा. जय हिंद.”

इससे पहले, सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पूर्व केंद्रीय मंत्री पी.चिदंबरम और पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती जैसे सीनियर नेताओं ने भी खुद को ‘दिमागी नक्सली’ बताया है.

ये भी पढ़ें: ‘मुझे दिमागी नक्सल होने पर गर्व’, पीएम मोदी के बयान पर बोले कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम


Prev Post
Next Post