जानें कौन हैं दीपक महस्के जो होंगे बीजेपी के नए आईटी सेल हेड, अमित मालवीय की लेंगे जगह

बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपनी नई टीम का ऐलान किया है. इसमें सबसे चौंकाने वाला फैसला आईटी सेल अध्यक्ष को लेकर है. नितिन नवीन ने बीजेपी आईटी सेल का जिम्मा अमित मालवीय की जगह दीपक महस्के को दी है. यानी अब बीजेपी आईटी सेल का कार्यभार दीपक महस्के के हाथों में होगा. करीब 11 साल से बीजेपी आईटी सेल चीफ रहे अमित मालवीय को पद से मुक्त कर दिया गया है.

वहीं प्रीति गांधी को आईटी सेल का सह संयोजक बनाया गया है. अमित मालवीय साल 2015 से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के आईटी सेल के प्रमुख (राष्ट्रीय संयोजक) रहे हैं.

कौन हैं दीपक महस्के?

दीपक म्हस्के छत्तीसगढ़ से जुड़े बीजेपी नेता रहे हैं. वे पहले बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता रह चुके हैं और पार्टी के संगठनात्मक और मीडिया एक्टिविटी में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं. हाल के सालों में उन्हें छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन (CGMSC) का अध्यक्ष भी बनाया गया था.

नितिन नवीन की टीम में और किसे मिली है जगह?

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम में कई पुराने और प्रभावशाली चेहरों की वापसी हुई है. पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और भाजपा के रणनीतिकार रहे राम माधव को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है. कुल 13 उपाध्यक्षों की टीम में 6 महिलाओं को जगह मिली है. इससे महिला प्रतिनिधित्व लगभग 50 प्रतिशत तक पहुंच गया है. 

इसके साथ ही पार्टी ने दो मुस्लिम नेताओं, प्रो. तारीक मंसूर और सरदार मनप्रीत सिंह बादल को भी अहम जिम्मेदारियां देकर सामाजिक संतुलन साधने की कोशिश की है.

महामंत्रियों की सूची में भी कई अहम चेहरे शामिल किए गए हैं. स्मृति ईरानी, बिप्लब कुमार देब, हरीश द्विवेदी, विनोद तावड़े, सुनील बंसल, सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल और संजय भाटिया को संगठन की जिम्मेदारी सौंपी गई है. 

खास बात यह है कि आठ महामंत्रियों में दो नेता उत्तर प्रदेश से हैं, जिन्हें आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर अहम माना जा रहा है. 2024 के लोकसभा चुनाव में हार के बाद सक्रिय राजनीति में अपेक्षाकृत कम दिख रहीं स्मृति ईरानी की संगठन में वापसी को भाजपा के बड़े राजनीतिक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है.

यह भी पढें: भाजपा की नई टीम का ऐलान, नितिन नवीन ने स्मृति ईरानी और राम माधव समेत कई चेहरों को एंट्री देकर चौंकाया


Prev Post
Next Post