कल का मौसम: 26 अगस्त को दिल्ली, यूपी, बिहार समेत 17 राज्यों में भारी बारिश, MP-केरल में अलर्ट

Kal Ka Mausam 26 August 2026: दिल्ली-एनसीआर समेत देशभर के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है. उत्तर भारत से लेकर साउथ के राज्यों तक भारी बारिश का दौर जारी है. हालांकि दिल्ली समेत उत्तर भारत में अब मॉनसून धीरे-धीरे कमजोर हो रहा है. लेकिन अभी भी कई राज्यों में मौसम विभाग ने बारिश की संभावना जताई है. मौसम विभाग ने कल यानी 26 अगस्त के लिए बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. आईएमडी के डेली बुलेटिन के अनुसार कल देशभर के 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश का अलर्ट है. इसमें दिल्ली, यूपी, बिहार से लेकर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ तक शामिल है. जानिए कल कहां कैसा मौसम रहेगा.

अपने शहर का मौसम और अपने इलाके का AQI जानने के लिए यहां क्लिक करें

दिल्ली में कल हल्की बारिश

दिल्ली-एनसीआर में कल भी हल्की बारिश होने के आसार हैं. मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली में अब मॉनसून कमजोर पड़ रहा है. मौसम में बदलाव के बीच अगले करीब 15 दिनों के दौरान भारी बारिश की संभावना कम है. हालांकि, इस दौरान मौसम पूरी तरह शुष्क नहीं रहेगा. शुरुआती दिनों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ हल्की और छिटपुट बारिश हो सकती. कल तापमान 36 और 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने तथा आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है.

यूपी के कई जिलों में कल बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में कल भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. IMD के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश में 26 और 27 अगस्त को ज्यादातर जगहों पर व्यापक बारिश होने की संभावना है. इन दो दिनों में कहीं-कहीं भारी बारिश भी हो सकती है. वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी कल कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना है. भारी बारिश के बाद पूर्वी यूपी के मिर्जापुर, वाराणसी, प्रयागराज, जौनपुर, चित्रकूट, कौशांबी, प्रतापगढ़, बांदा, रायबरेली, अमेठी, कानपुर शहर, कानपुर देहात और उन्नाव जिलों के कुछ क्षेत्रों में अचानक बाढ़ का खतरा है.

बिहार में भी कल बारिश

मौसम विभाग ने बिहार में भी कल बारिश का अलर्ट जारी किया है. कल राज्य में ज्यादातर जगहों पर बारिश होने की संभावना है. 27 अगस्त तक कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. वहीं 31 अगस्त तक आंधी-तूफान और बिजली गिरने की भी संभावना है.

राजस्थान में भी बारिश

राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान कई स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश हुई. मौसम विभाग ने कल भी राजस्थान के कुछ जिलों में बारिश के आसार जताए हैं. आईएमडी के अनुसार कल दौसा, अलवर, किशनगढ़, सवाई माधोपुर, बूंदी, जयपुर, चित्तौड़गढ़ और कोटा कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है. वहीं पश्चिमी राजस्थान के ज्यादातर इलाकों में मौसम शुष्क बना रहेगा.

केरल में कल भारी बारिश का येलो अलर्ट

केरल में इन दिनों भारी बारिश का दौर जारी है. कन्नूर जिले में आज भारी बारिश के कारण भूस्खलन हुआ, राष्ट्रीय राजमार्ग की सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त हो गई और कुछ इलाकों में ट्रैफिक प्रभावित हुआ. इसे लेकर मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में अलर्ट भी जारी किया है. मौसम विभाग ने कल भी केरल में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. कल केरल के पठानमथिट्टा, कोट्टायम, इडुक्की और एर्नाकुलम जिलों में भारी बारिश होने के आसार हैं.

कल इन राज्यों में भी बारिश का अलर्ट

भारी बारिश: उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, ओडिशा, केरल और माहे, मध्य महाराष्ट्र.

आंधी-तूफान और बिजली: बिहार, झारखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल.



Prev Post
Next Post