पत्नी की मौत, पिता-पुत्र घायल… गोलीबारी के बाद मणिपुर में तनाव
Raisina News Desk- सितंबर 13, 2026 10:58 PM IST

मणिपुर के तामेंगलोंग जिले में एक परिवार पर हमला हुआ है. इस हमले में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसके पति और 6 साल के बेटे को भी गोली लगी है.
बताया जा रहा है कि हमला तामेंगलोंग जिले के तोलेन गांव में नेशनल हाईवे-37 पर हुआ. शुरुआती इनपुट के मुताबिक, सुबह करीब 4 बजे अज्ञात हमलावरों ने घात लगाकर परिवार पर हमला किया. इस हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पति और बेटा घायल हो गए. घटना के तुरंत बाद मौके पर जवान पहुंचे और घायल पिता और बेटे को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया.
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में डर का माहौल है और वे अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं. कुकी यूथ ऑर्गनाइजेशन की महिला परिषद ने इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है. संगठन ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा है कि जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए.
इसके अलावा, कई अन्य संगठनों ने भी हमले की निंदा की है. कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि यह हमला संदिग्ध नगा उग्रवादियों की ओर से किया गया है, लेकिन अभी तक इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है.
जानकारी के लिए बता दें कि मैतेई और कुकी समुदायों के बीच हिंसा 3 मई, 2023 को तब शुरू हुई थी, जब पहाड़ी जिलों में मैतेई समुदाय की ‘अनुसूचित जनजाति’ (ST) का दर्जा देने की मांग के विरोध में ‘आदिवासी एकजुटता मार्च’ का आयोजन किया गया था. मणिपुर की आबादी में मैतेई लोगों की हिस्सेदारी लगभग 53 प्रतिशत है और वे मुख्य रूप से इंफाल घाटी में रहते हैं, जबकि आदिवासी (जिनमें नागा और कुकी शामिल हैं) 40 प्रतिशत हैं और मुख्य रूप से पहाड़ी जिलों में रहते हैं.