नाव पलटने के बाद डूब रहे थे नवजात समेत 10 बांग्लादेशी नागरिक, देवदूत बने BSF जवानों ने बचाई जान
Raisina News Desk- सितंबर 13, 2026 08:07 PM IST

मुर्शिदाबाद:
बीएसएफ मालदा सेक्टर की 71वीं बटालियन के जवानों ने गंगा नदी की तेज बहाव में डूब रहे 10 बांग्लादेशी नागरिकों की जान बचाई. इनमें तीन बच्चे, तीन महिलाएं और चार पुरुष शामिल थे. उनकी नाव गंगा नदी की तेज लहरों में पलट गई थी. बचाए गए लोगों में एक 30 दिन का नवजात शिशु भी था, जिसकी हालत गंभीर थी, उसे तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया और पास के सरकारी अस्पताल ले जाया गया. अब शिशु की हालत स्थिर और सामान्य बताई जा रही है.
घटना 12 सितंबर की शाम को हुई, जब बॉर्डर आउट पोस्ट खंडुआ के पास तैनात बीएसएफ जवानों ने देखा कि कई लोग नदी की तेज़ लहरों के बीच डूब रहे हैं. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, जवानों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया और स्पीड बोट से घटनास्थल पर पहुंचे. लगातार प्रयासों के बाद जवानों ने सभी 10 लोगों को नदी से सुरक्षित बाहर निकाला.
बचाए गए लोगों ने बीएसएफ को बताया कि वे बांग्लादेश के जोहारपुर गांव के रहने वाले हैं और चपाई नवाबगंज से जोहारपुर जा रहे थे. पद्मा (गंगा) नदी पार करते समय उनकी नाव अचानक पलट गई, जिससे उसमें सवार सभी लोग नदी में गिर गए और तेज बहाव के कारण वे भारतीय सीमा की ओर बह गए.
बीएसएफ ने सभी जरूरी औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद सभी 10 बांग्लादेशी नागरिकों को 53 बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) के जवानों को सुरक्षित सौंप दिया है.
इसे भी पढ़ें: 2029 से पहले 21 राज्यों में लागू कर देंगे यूनिफॉर्म सिविल कोड: गृह मंत्री अमित शाह