मस्जिद के रास्ते से न निकले गणपति बप्पा की शोभायात्रा, कर्नाटक में पुलिस के आदेश पर मचा बवाल
Raisina News Desk- सितंबर 13, 2026 01:06 PM IST

मैसूर के टी. नरसीपुरा में मस्जिद के सामने से गणेश जुलूस निकालने को लेकर पुलिस अधिकारी की चेतावनी से विवाद खड़ा हो गया है. बताया जा रहा है कि पुलिस अधिकारी धनंजय ने आयोजकों को सलाह दी कि वे मस्जिद के सामने से जुलूस न ले जाएं और उस जगह पर पटाखे न फोड़ने की चेतावनी भी दी. BJP सांसद यदुवीर वाडियार ने पुलिस की इस टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताई है और इसे “हिंदू-विरोधी” करार दिया है.
यदुवीर ने कहा कि गणेश जुलूस के रास्ते पर कोई पाबंदी नहीं लगाई जा सकती. उन्होंने कहा कि सभी सार्वजनिक सड़कें सभी के लिए खुली हैं. BJP सांसद ने जुलूस पर रोक लगाने के आधार पर सवाल उठाया और कहा कि अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए धार्मिक जुलूस में मदद करनी चाहिए.
बीजेपी सांसद यदुवीर वाडियार ने कहा, ”हमने पहले भी ऐसी स्थिति देखी है. नागमंगल और मांड्या में हमने पत्थरबाज़ी की घटनाएं देखी हैं. सरकार का रवैया ऐसा लग रहा है मानो वह हिंदुओं और हिंदू परंपराओं का अनादर कर रही हो. सभी सड़कें जनता की हैं. यह संविधान के दायरे में आता है. हर किसी को जश्न मनाने का पूरा अधिकार है. उन्हें यह कहने का अधिकार नहीं है कि हम जुलूस कहां निकाल सकते हैं या कहां नहीं. हम इसे कहीं भी निकाल सकते हैं. उन्हें बस एक सही रास्ता बताना चाहिए. किसी मस्जिद की वजह से हमारे जश्न का अपमान न करें, यह सही नहीं है.