पैदा होते ही बन गईं 10वीं की छात्रा? नंदीग्राम से BJP उम्मीदवार के हलफनामे का मामला पहुंचा हाई कोर्ट

पैदा होते ही बन गईं 10वीं की छात्रा? नंदीग्राम से BJP उम्मीदवार के हलफनामे का मामला पहुंचा हाई कोर्ट

कोलकाता:

पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम विधानसभा सीट पर 6 अक्टूबर को उपचुनाव होने वाला है. लेकिन इससे पहले यहां जबरदस्त संग्राम देखने को मिल रहा है. कभी कांग्रेस उम्मीदवार की गिरफ्तारी हो जाती है, तो अब कांग्रेस ने बीजेपी उम्मीदवार हसीरानी रथ के खिलाफ कलकत्ता हाई कोर्ट में याचिका दायर की है. कांग्रेस ने बीजेपी उम्मीदवार पर हलफनामे में गड़बड़ी होने का आरोप लगाया है.

कांग्रेस की ओर से यह याचिका सीनियर एडवोकेट रिट्जी घोषाल ने दायर की है. याचिका में आरोप लगाया गया है कि बीजेपी उम्मीदवार ने अपनी उम्र और शैक्षणिक योग्यता को लेकर जो जानकारी दी है, वो खुद में ही विरोधाभासी और असंभव है. उनकी याचिका पर गुरुवार को हाई कोर्ट में सुनवाई होगी.

क्या हैं आरोप?

कांग्रेस का आरोप है कि हसीरानी रथ ने हलफनामे में बताया है कि उनकी उम्र 60 साल से ज्यादा है, यानी उनका जन्म 1966 के आसपास हुआ. लेकिन उसी हलफनामे में उन्होंने यह भी दावा किया है कि उन्होंने सेकेंडरी परीक्षा 1965 में पास की थी.

कोर्ट में बहस के दौरान रिट्जी घोषाल ने कहा, ‘इसका मतलब है कि उनका जन्म 1966 में हुआ. उसी हलफनामे में उन्होंने दावा किया है कि उन्होंने 1965 में सेकेंडरी परीक्षा पास की. वो अपने जन्म से पहले सेकेंडरी परीक्षा कैसे पास कर सकती हैं?’

घोषाल ने कहा कि उम्मीदवार की उम्र और शिक्षा से जुड़ी जानकारी ‘व्यावहारिक रूप से असंभव’ है और उन्होंने उम्मीदवार का नामांकन रद्द करने की मांग की. उन्होंने चुनाव आयोग (ECI) पर भी हलफनामे की जांच के बावजूद कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया.

जब जस्टिस कृष्णा राव ने पूछा कि याचिकाकर्ता क्या राहत चाहता है, तो घोषाल ने कहा कि बीजेपी उम्मीदवार का नामांकन रद्द किया जाना चाहिए. कोर्ट ने याचिका स्वीकार कर ली है और गुरुवार को इस मामले पर सुनवाई होने की उम्मीद है.

हलफनामे में क्या है?

हलफनामे में हसीरानी रथ ने बताया है कि उनकी उम्र 60 साल से ज्यादा है. इसमें उन्होंने अपनी बर्थ डेट नहीं बताई है. 

हालांकि, इसी हलफनामे में उन्होंने बताया है कि 1965 में वह चौखली गंगा-पद्मा मिलन कन्या विद्यापीठ में 10वीं कक्षा की छात्रा थीं. 

ऐसे में सवाल उठ रहा है कि 60 साल की उम्र के हिसाब से उनका जन्म 1965 या 1966 में हुआ होगा. इस हिसाब से 1965 में ही वह 10वीं की छात्रा कैसे हो सकती हैं.

कौन हैं हसीरानी रथ?

हसीरानी रथ, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पूर्व पीए रहे चंद्रनाथ रथ की मां हैं. चंद्रनाथ रथ की इस साल मई में उत्तर 24 परगना के मध्यमग्राम में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.

बीजेपी ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए इसे अपनी उम्मीदवार की छवि खराब करने की कोशिश बताया है.

ये वीडियो भी देखेंः बंगाल में कैसे खत्म हुआ ममता का ‘नामोनिशान’?


Prev Post
Next Post