गाय-भैंस का फूलने लगे पेट तो सावधान! घर में मौजूद इन चीजों से मिल सकती है राहत, एक्सपर्ट से जानें उपाय

गाय-भैंस का फूलने लगे पेट तो सावधान! घर में मौजूद इन चीजों से मिल सकती है राहत, एक्सपर्ट से जानें उपाय

Cow Bloating Treatment Tips: मौसम बदलने के साथ दुधारू पशुओं में पेट फूलने की समस्या आम है. देवघर के पशु एक्सपर्ट ने बताया कि शुरुआती स्तर पर कुछ घरेलू उपायों से राहत मिल सकती है, लेकिन गंभीर स्थिति में तुरंत पशु चिकित्सक से संपर्क करना जरूरी है.

देवघर: बरसात का मौसम अब धीरे-धीरे खत्म होने लगा है. मौसम में भी बदलाव देखने को मिल रहा है. सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस होने लगी है. मौसम बदलने के साथ जहां इंसानों को कई तरह की परेशानियां होने लगती हैं. वहीं इसका असर दुधारू पशुओं पर भी देखने को मिलता है. खासकर गाय और भैंस पालने वाले किसानों के लिए इस समय पशुओं की सेहत पर विशेष ध्यान देना जरूरी हो जाता है. इस मौसम में दुधारू पशुओं में पेट फूलने यानी ब्लोटिंग की समस्या आम तौर पर देखने को मिलती है. कई बार पशु का पेट अचानक फूल जाता है, वह बेचैन नजर आता है. समय पर इलाज नहीं मिलने पर स्थिति गंभीर भी हो सकती है. ऐसे में पशुपालकों के लिए यह जानना जरूरी है कि शुरुआत में किन बातों का ध्यान रखा जाए. कब तुरंत पशु चिकित्सक की मदद लेनी चाहिए.

क्या कहते हैं पशु एक्सपर्ट
देवघर के पशु एक्सपर्ट जयकांत राय ने लोकल 18 के संवाददाता से बातचीत करते हुए बताया कि मौसम बदलने के समय दुधारू पशुओं में पेट फूलने की समस्या कई बार देखने को मिलती है. उन्होंने बताया कि कई मामलों में डॉक्टर के समय पर नहीं पहुंच पाने या इलाज में देरी होने की वजह से पशु की हालत गंभीर हो जाती है. उनका कहना है कि अगर पशु का पेट अचानक फूल रहा है तो किसान इसे सामान्य परेशानी समझकर नजरअंदाज न करें. शुरुआत में पशु की स्थिति पर नजर रखें और जरूरत पड़ने पर तुरंत उपचार करे.

कर सकते है घरेलू उपचार 
पशु एक्सपर्ट बताते है की ऐसी स्थिति में कुछ घरेलू उपायों का इस्तेमाल स्थानीय स्तर पर पशुपालक करते हैं. उन्होंने एक उपाय के बारे में बताते हुए कहा कि सरसों तेल, हींग, तारपिन तेल और नौसादर टिकरी को मिलाकर पशु को मुंह के रास्ते दिया जाता है. हालांकि इसे देते समय पशु के मुंह में जबरदस्ती कुछ डालने से बचना चाहिए, क्योंकि गलत तरीके से तरल पदार्थ पिलाने पर वह सांस की नली में जाने का खतरा हो सकता है. इसलिए पशुपालक को ये उपचार धीरे धीरे और एकदम आराम से करनी चाहिए. वहीं एक्सपर्ट ने एक दूसरे घरेलू नुस्खे का भी जिक्र किया. उनके अनुसार सरसों तेल, हींग, अजवाइन, मीठा सोडा और करीब 250 ग्राम नींबू के रस को मिलाकर पशु को देने की बात कही गई है. उनका दावा है कि इससे पेट फूलने की समस्या में राहत मिल सकती है.

खानपान और दिनचर्या पर रखे नजर 
पशुपालकों के लिए सबसे जरूरी बात यही है कि मौसम बदलने के साथ पशुओं के खान-पान और उनकी दिनचर्या पर नजर रखें. अचानक ज्यादा हरा चारा या ऐसा आहार देने से बचें. जिससे गैस बनने की आशंका बढ़ सकती है. पशु में असामान्य लक्षण दिखाई दें तो समय पर पहचान करना ही सबसे बड़ा बचाव है. क्योंकि पेट फूलने की समस्या कई बार तेजी से गंभीर रूप ले सकती है. ऐसे में इलाज में देरी पशु के लिए खतरनाक साबित हो सकती है.

Prev Post
Next Post