किताब आएगी तो तमाशा होना तय है, मेरी कहानी दूसरों ने खूब सुनाई, अब मेरी बारी है: सोनिया गांधी

किताब आएगी तो तमाशा होना तय है, मेरी कहानी दूसरों ने खूब सुनाई, अब मेरी बारी है: सोनिया गांधी

नई दिल्ली:

कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की 10 नवंबर को किताब आने वाली है. उससे पहले वह अपनी पुस्तक के बारे में छोटे-छोटे अंशों में जानकारियां दे रही हैं या फिर प्रचार भी कर रही हैं. इस बीच उन्होंने एक बार फिर से एक्स पर एक वीडियो शेयर किया है और कहा कि अब अपनी कहानी खुद सुनाने की बारी है. इस वीडियो के साथ कैप्शन में उन्होंने लिखा है, ‘यह किताब जब आएगी तो कुछ तमाशा होना तय है. आखिर दशकों तक दूसरे लोगों ने मेरी कहानी सुनाई थी. अब मेरी बारी है. जब मैं खुद अपनी कहानी दुनिया को बताऊंगी.’

इसके अलावा सोनिया गांधी ने वीडियो में बताया, ‘मैं नहीं जानती कि मुझे पूरी कहानी बतानी चाहिए या नहीं. मेरे पति से जब प्रधानमंत्री बनने को कहा गया तो मैं इसके पूरी तरह खिलाफ थी.’ इस वीडियो में सोनिया गांधी के साथ राजीव की तस्वीरें भी दिखाई गई हैं. इसके अलावा उनके अंतिम संस्कार की भी कुछ तस्वीरें शेयर की गई हैं. सोनिया गांधी ने वीडियो में कहा कि मेरे बारे में दशकों तक बहुत कुछ कहा गया. ऐसी चीजें भी कही गईं, जो वास्तव में थी ही नहीं. कुछ चीजों को बढ़ा-चढ़ाकर भी बताया गया. लेकिन अब सही कहानी पूरे तथ्यों के साथ रखने की बारी है.

सोनिया गांधी ने कहा कि इस पुस्तक में मेरे विचार नहीं हैं बल्कि मेरी कहानी है. संभव है कि इसे जानने के बाद कुछ लोगों के विचार बदल जाएं और शायद कुछ लोग मेरे और खिलाफ हो जाएं. ऐसा होता है, जब आप पब्लिक लाइफ में होते है और आप कोई किताब लिखते हैं. इसलिए पुस्तक आने पर कुछ तमाशा होना तय है. बता दें कि सोनिया गांधी की जिंदगी पर ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ नाम से पुस्तक आ रही है. 

इस किताब में सोनिया गांधी ने अपने बचपन के दिनों से लेकर राजीव गांधी से मुलाकात, शादी, राजनीति में एंट्री तक की बातें की हैं. इसके अलावा कांग्रेस अध्यक्ष बनने और फिर यूपीए सरकार के दौर की भी कई चीजों के बारे में रोचक और अहम जानकारियां दी हैं. यह पुस्तक 10 नवंबर को आएगी और उससे पहले प्री-बुकिंग जारी है. 


Prev Post
Next Post