अब डिजिटल होने जा रही है आपकी इंटरनेशनल यात्रा, 7 एयरपोर्ट्स पर शुरू हुआ ट्रायल, जानें कैसे मिलेगा फायदा
Raisina News Desk- नवंबर 01, 2026 06:13 PM IST
International Flights DIGI Yatra: अब तक डोमेस्टिक फ्लाइट में डिजी यात्रा के जरिए एयरपोर्ट एंट्री और बोर्डिंग को आसान बनाने की कोशिश हो रही थी, लेकिन अब यही सुविधा इंटरनेशनल पैसेंजर्स के लिए भी शुरू करने की तैयारी है. देश के 7 एयरपोर्ट्स पर इंटरनेशनल पैसेंजर्स के लिए डिजी यात्रा का ट्रायल शुरू हो गया है. नवंबर से दिसंबर 2026 तक चलने वाले इस ट्रायल में चुनिंदा इंटरनेशनल फ्लाइट्स से सफर करने वाले भारतीय पैसेंजर्स को डिजिटल सुविधा का इस्तेमाल करने का मौका मिलेगा. इस ट्रायल की खास बात यह है कि अब एयरपोर्ट के कुछ जरूरी टचपॉइंट्स पर पैसेंजर्स की पहचान डिजी यात्रा के जरिए की जा सकेगी. इसके लिए पैसेंजर्स के पास ई-पासपोर्ट होना जरूरी है. फिलहाल यह सुविधा सभी इंटरनेशनल फ्लाइट्स और सभी पैसेंजर्स के लिए नहीं है. इसे चुनिंदा फ्लाइट्स और तय एयरपोर्ट टचपॉइंट्स पर ही शुरू किया गया है.
एविएशन मिनिस्ट्री के अनुसार, डिजी यात्रा का इंटरनेशनल ट्रायल मौजूदा ट्रैवल प्रोसेस का विकल्प नहीं है, बल्कि उसे आसान बनाने की एक अतिरिक्त सुविधा है. पैसेंजर्स को अपना पासपोर्ट और दूसरे जरूरी ट्रैवल डॉक्यूमेंट्स साथ रखने होंगे. एयरलाइन की तरफ से होने वाले सभी डॉक्यूमेंट चेक्स पूरे करने होंगे. इसके अलावा इमिग्रेशन और यात्रा से जुड़ी दूसरी जरूरी फॉर्मेलिटीज भी पहले की तरह पूरी करनी होंगी.
इंटरनेशनल पैसेंजर्स के लिए शुरू किए गए इस ट्रायल से मिलने वाले फीडबैक के आधार पर 2027 में इस योजना का विस्तार किया जाएगा. ट्रायल के दौरान पैसेंजर्स एक्सपीरियंस, सुविधा और एयरपोर्ट पर इसके इस्तेमाल से जुड़े पहलुओं का आंकलन भी किया जाएगा. आपको बता दें कि फिलहाल 39 डोमेस्टिक एयरपोर्ट्स पर डिजी यात्रा की सुविधा उपलब्ध है. डोमेस्टिक एविएशन नेटवर्क में 2.65 करोड़ पैसेंजर्स डिजी यात्रा का इस्तेमाल कर रहे हैं. इसके जरिए पर 11 करोड़ से ज्यादा पैसेंजर्स ने अपनी यात्राएं पूरी की है.