राजस्थान के BJP विधायक जसवंत यादव का निधन, 73 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

राजस्थान के BJP विधायक जसवंत यादव का निधन, 73 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

राजस्थान के बहरोड़ से भाजपा विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री जसवंत यादव का रविवार सुबह जयपुर में कैंसर से लंबी लड़ाई के बाद निधन हो गया. वे 73 वर्ष के थे. उनके बेटे मोहित यादव ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बताया कि उनके पिता जसवंत यादव ने सुबह 8:15 बजे अंतिम सांस ली. राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने जसवंत यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया है.

बीजेपी विधायक के बेटे मोहित यादव ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए बताया कि पिता जसवंत यादव ने सुबह 8.15 बजे अंतिम सांस ली. मोहित ने लिखा, “अत्यंत दुख के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि मेरे पूजनीय पिता डॉ. जसवंत यादव जी – जो बहरोड़ से वर्तमान विधायक, राजस्थान सरकार में पूर्व कैबिनेट मंत्री और अलवर से पूर्व सांसद थे – अब हमारे बीच नहीं रहे.” अपने पिता को एक महान आत्मा बताते हुए उन्होंने कहा कि उनका स्नेह, सादगी और समाज के प्रति समर्पण लोगों की यादों में हमेशा बना रहेगा.

वसुंधरा राजे सरकार में रहे मंत्री

PTI के मुताबिक, जसवंत यादव चार बार विधायक रहे और उन्होंने लोकसभा में अलवर का प्रतिनिधित्व भी किया था. उन्होंने 2016 से 2018 तक वसुंधरा राजे के नेतृत्व वाली राजस्थान सरकार में मंत्री के रूप में कार्य किया. उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत 1998 में मुंडावर से विधानसभा चुनाव जीतकर की थी. 1999 में, वे अलवर से लोकसभा के लिए चुने गए. उनके निधन के बाद, राजस्थान विधानसभा में सदस्यों की संख्या घटकर 199 रह गई है. बहरोड़ विधानसभा क्षेत्र में छह महीने के भीतर उपचुनाव होने की संभावना है.

पैतृक गांव में सोमवार को होगा अंतिम संस्कार

परिवार के अनुसार, रविवार शाम 4 बजे के बाद उनका पार्थिव शरीर अलवर के जसवंत नगर स्थित उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा. उनका अंतिम संस्कार सोमवार, 9 नवंबर को दोपहर 3 बजे उनके पैतृक गांव सिलपाटा (खैरथल-तिजारा जिला) में किया जाएगा.

मुख्यमंत्री भजन लाल ने जताया शोक

मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “बहरोड़ के विधायक डॉ. जसवंत यादव जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है. दुख की इस घड़ी में, मेरी गहरी संवेदनाएं उनके शोकाकुल परिवार और समर्थकों के साथ हैं. ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें और उनके परिवार तथा समर्थकों को इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति प्रदान करें. ओम शांति!”

वहीं, उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने अपनी पोस्ट में लिखा, “बहरोड़ विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक डॉ. जसवंत यादव जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है. मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि वे दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें और उनके शोकाकुल परिवार तथा समर्थकों को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति दें। ओम शांति!”

Prev Post
Next Post