आतंकी साजिश का भंडाफोड़, सोशल मीडिया के जरिए नाबालिगों का ब्रेनवॉश, PAK हैंडलर शहजाद भट्टी से जुड़े तार
Raisina News Desk- नवंबर 09, 2026 02:37 AM IST
भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे श्रीगंगानगर जिले में सोशल मीडिया के माध्यम से कथित तौर पर देश विरोधी नेटवर्क तैयार करने की कोशिश का मामला सामने आया है. पाकिस्तानी हैंडलर शहजाद भट्टी के संपर्क में जिले के तीन नाबालिगों के होने की जानकारी मिलने के बाद रायसिंहनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है. पुलिस की प्रारंभिक रिपोर्ट में आशंका जताई गई है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए स्थानीय युवाओं को अपने नेटवर्क से जोड़कर स्लीपर सेल तैयार करने की कोशिश की जा रही थी.
पुलिस को यह जानकारी आसूचना अधिकारी के माध्यम से मिली थी. सूचना के अनुसार, जिले के तीन नाबालिग युवक कथित तौर पर पाकिस्तान में बैठे हैंडलर शहजाद भट्टी के संपर्क में थे. पुलिस के मुताबिक, इनका संपर्क सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से बना हुआ था. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर पूरे नेटवर्क की पड़ताल शुरू कर दी है.
कांस्टेबल अशोक कुमार के अनुसार शहजाद भट्टी कथित तौर पर टेलीग्राम और वॉट्सएप पर ग्रुप बनाकर भारतीय युवाओं को अपने संपर्क में लाने का प्रयास करता है. इन ग्रुपों के माध्यम से युवाओं को टारगेट कर अपने नेटवर्क में शामिल करने और उन्हें भारत विरोधी गतिविधियों के लिए तैयार करने की आशंका जताई गई है.
प्राथमिकी में कुछ पाकिस्तानी मोबाइल नंबरों का भी उल्लेख किया गया है, जिनके माध्यम से संपर्क किए जाने की जानकारी पुलिस को मिली. इसके अलावा टेलीग्राम पर @Ranahunain333 नाम की आईडी और सिग्नल एप पर RANA BHAI 3333 नाम से संचालित आईडी का भी उल्लेख किया गया है. पुलिस इन मोबाइल नंबरों और सोशल मीडिया आईडी के माध्यम से हुए संपर्कों की जांच कर रही है.
जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इन आईडी के पीछे कौन सक्रिय था और इनके जरिए स्थानीय युवाओं को कथित नेटवर्क से किस तरह जोड़ने का प्रयास किया जा रहा था. शहजाद भट्टी के संपर्क में रहने वाले लोगों के जरिए उसके नेटवर्क को आगे बढ़ाने और सीमावर्ती क्षेत्र के युवाओं तक पहुंच बनाने की कोशिश की जा रही थी. इस नेटवर्क से जुड़े लोगों का इस्तेमाल स्लीपर सेल के रूप में किए जाने की आशंका भी व्यक्त की गई है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिकी में हरियाणा और राजस्थान में सामने आए पूर्व घटनाक्रमों का भी उल्लेख किया गया है. पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, 13 मार्च 2026 को हरियाणा के अंबाला जिले के बराड़ा थाना क्षेत्र में शहजाद भट्टी के एक कथित भारतीय सहयोगी को गिरफ्तार किया गया था. उसके कब्जे से विस्फोटक सामग्री बरामद होने का भी उल्लेख प्राथमिकी में किया गया है.
इसके अलावा रिपोर्ट में बताया गया है कि शहजाद भट्टी का एक कथित सहयोगी हनुमानगढ़ जिले में आकर रेकी की गतिविधियों में शामिल रहा था. वहीं, 24 मार्च 2026 को सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क किए जाने और हनुमानगढ़ जिले में कथित आतंकी मॉड्यूल तथा सहयोगी तैयार करने संबंधी गतिविधियों का भी प्राथमिकी में जिक्र किया गया है.
पुलिस इन घटनाक्रमों को शहजाद भट्टी के कथित नेटवर्क की गतिविधियों से जोड़कर देख रही है. जांच का मुख्य केंद्र यह पता लगाना है कि श्रीगंगानगर जिले के नाबालिगों का इस नेटवर्क से किस स्तर तक संपर्क था और उन्हें किस तरह की गतिविधियों के लिए जोड़ने का प्रयास किया जा रहा था.
श्रीगंगानगर जिला पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटा होने के कारण सामरिक और सुरक्षा की दृष्टि से बेहद संवेदनशील माना जाता है. ऐसे में स्थानीय नाबालिगों का कथित तौर पर पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में आना सुरक्षा एजेंसियों के लिए गंभीर चिंता का विषय है.
फिलहाल रायसिंहनगर पुलिस ने तीन नाबालिगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस मोबाइल नंबरों, टेलीग्राम और सिग्नल आईडी सहित सोशल मीडिया पर हुए संपर्कों की कड़ियां खंगाल रही है. जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि कथित नेटवर्क के पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय थे और स्थानीय स्तर पर इसका कितना विस्तार था.