कैंसर से दो बार लड़ी जंग… सोनिया गांधी ने किताब में बताया कैसे दी घातक बीमारी को मात

कैंसर से दो बार लड़ी जंग… सोनिया गांधी ने किताब में बताया कैसे दी घातक बीमारी को मात

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ में कई बातों का खुलासा किया है, जिसमें उनकी बीमारी भी शामिल हैं. उन्होंने बताया है कि कैसे वह दो बार कैंसर जैसी घातक बीमारी से जूझी थीं और दोनों ही बार वह बीमारी के संभावित गंभीर नतीजों को लेकर घबरा गई थीं और उनके मन में कई आशंकाएं थीं. सोनिया गांधी ने अपनी किताब में बताया है कि साल 2010 में उन्हें ब्रेस्ट कैंसर का पता चला था, जिसका ऑपरेशन हुआ था और इसके करीब एक साल बाद पैंक्रियाज में एक गांठ का पता चला था.

सोनिया गांधी ने बताया है कि ब्रेस्ट कैंसर की वजह से उन्हें ऑपरेशन कराने की सलाह दी गई थी. उन्होंने अपनी किताब में लिखा है, ‘सर गंगा राम अस्पताल के डॉक्टरों पर मुझे पूरा भरोसा था. फिर भी मैं घबरा गई थी और चिंतित थी. मुझे और मेरे बच्चों को बताया गया था कि समय गंवाने की गुंजाइश नहीं है और मेरे मन में संभावित भयावह नतीजे को लेकर तरह-तरह के विचार आने लगे थे’.

इटली में इलाज कराने का किया फैसला

उन्होंने आगे बताया है कि उनकी प्राइवेसी में मीडिया के दखल देने की आशंका के चलते उन्होंने मुंबई के टाटा मेमोरियल अस्पताल में अपना इलाज कराने का विकल्प त्याग दिया था और इटली के मिलान स्थित ‘यूरोपियन इंस्टिट्यूट ऑफ ऑन्कोलॉजी’ में ऑपरेशन कराने का फैसला किया था. सोनिया ने बताया कि उन्होंने अपनी निजी जिंदगी को जितनी हो सके, गोपनीय रखने की कोशिश की थी. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि मीडिया में उनकी बीमारी की चर्चा होने का विचार न सिर्फ उन्हें तकलीफदेह लगता था बल्कि उन्हें गुस्सा भी दिलाता था.

राहुल-प्रियंका की मौजूदगी में हुई सर्जरी

सोनिया ने अपनी किताब में आगे बताया है कि एक सीनियर अधिकारी के अलावा राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, रॉबर्ट वाड्रा और अपनी बहनों के साथ डॉ. उम्बर्टो वेरोनेसी की देखरेख में उन्होंने अपने कैंसर का ऑपरेशन कराया. उन्होंने बताया कि जब उन्हें ऑपरेशन के लिए ले लाया जा रहा था, तब राहुल और प्रियंका ने उनका हाथ थाम कर उन्हें भरोसा दिलाया कि सब ठीक हो जाएगा.

किताब के मुताबिक, सर्जन ने दो ट्यूमर निकाले थे, जिसमें से एक ट्यूमर ऐसा था, जिसमें कैंसर की आशंका नहीं थी, लेकिन एहतियात के तौर पर उसे भी निकाल दिया गया. इसके अलावा सर्जरी के दौरान ही डॉक्टर ने एक रेडिएशन उपचार भी किया, जिससे उन्हें 5 हफ्ते तक रेडियोथेरेपी कराने की जरूरत नहीं पड़ी.

1 साल बाद पैंक्रियाज में गांठ का पता चला

हालांकि सोनिया गांधी की ये मुश्किल अभी खत्म नहीं हुई थी. उन्होंने किताब में बताया है कि ब्रेस्ट कैंसर की सर्जरी के करीब एक साल बाद एक फॉलो-अप जांच में उनके पैंक्रियाज में एक और गांठ का पता चला. उन्होंने बताया कि यह उनके साथ-साथ राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के लिए भी किसी सदमे से कम नहीं था. शुरुआत में उन्हें लगा कि पहले वाला कैंसर वापस आ गया है. इसके बाद कई डॉक्टरों से संपर्क किया गया, जिसमें उन्हें तत्काल सर्जरी कराने की सलाह दी गई.

किताब के मुताबिक, शुरू में ट्यूमर के न्यूरोएंडोक्राइन होने का शक था और इसका मतलब था कि ऑपरेशन लंबा चलेगा और लंबे समय तक अस्पताल में भी रहना पड़ सकता है. इसके बाद सोनिया गांधी को नीदरलैंड के रॉटरडैम स्थित इरास्मस यूनिवर्सिटी मेडिकल सेंटर में रेफर किया गया, जहां पैंक्रियाटिक सर्जन डॉ. कैस्पर वान आइक ने उनका इलाज किया. डॉक्टरों और परिवार के भरोसे के बावजूद वह कहती हैं कि वह बेचैन और चिंतित थी क्योंकि बीमारी कितनी गंभीर है, यह सर्जरी के बाद ही पता चल सकता था.

दूसरी बार नीदरलैंड में हुई सर्जरी

उन्होंने किताब में लिखा है, ‘मेरा मन सबसे बुरे नतीजे के बारे में सोचने लगा था. अगर यह कैंसर का फैला हुआ ट्यूमर निकला तो क्या होगा? क्या मैं इससे उबर पाऊंगी?’. हालांकि वह सर्जरी के लिए नीदरलैंड गईं और इस बात की जानकारी सिर्फ तत्कालीन पीएम मनमोहन सिंह और कुछ वरिष्ठ सहयोगियों को ही थी. फिर उनकी सर्जरी हुई और सर्जरी करने वाले डॉ. कैस्पर वान आइक ने उन्हें बताया कि वो भाग्यशाली थीं कि उनके ट्यूमर का पता शुरुआती स्टेज में ही पता चल गया था.

‘बेहोशी में राजीव गांधी को देखा’

सोनिया गांधी ने आगे बताया है कि दूसरी बार कैंसर के ऑपरेशन के कुछ साल बाद साल 2016 में जब वह वाराणसी में विधानसभा चुनाव की एक रैली कर रही थीं, तब थकान की वजह से वह बेहोश हो गईं थीं और उसके बाद एहतियातन उन्हें प्लेन से दिल्ली लाया गया था. उन्होंने यह भी बताया है कि जब वह बेहोश थीं, तब उन्होंने राजीव गांधी को देखा, जो उनकी ओर हाथ बढ़ा रहे थे, जैसे कह रहे हों कि सब ठीक हो जाएगा.

किताब में शीला दीक्षित का भी जिक्र

किताब में आगे लिखा है, ‘शीला दीक्षित पूरे समय मेरे पास थीं. उन्होंने बाद में मुझे बताया कि विमान के सफर के दौरान अचानक मेरे चेहरे पर मुस्कान आ गई थी. मुझे यकीन है कि वो वही क्षण रहा होगा, लेकिन गिरने से मेरे कंधे में गंभीर चोट आई थी और एक बार फिर मुझे ऑपरेशन कराना पड़ा’.

Prev Post
Next Post