‘कुछ रिश्ते वक्त के साथ और भी गहरे हो जाते हैं…,’ भाई-दूज पर मेहनकश लोगों से मिलकर बोले राहुल गांधी

‘कुछ रिश्ते वक्त के साथ और भी गहरे हो जाते हैं…,’ भाई-दूज पर मेहनकश लोगों से मिलकर बोले राहुल गांधी

राहुल गांधीImage Credit source: TV9

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भाई दूज के अवसर पर देश के मेहनतकश और हुनरमंद लोगों को दिल्ली स्थित
कांग्रेस मुख्यालय, इंदिरा भवन में आमंत्रित किया. राहुल गांधी इनके साथ एक विशेष मिलन समारोह में शामिल हुए जिसकी शुरुआत दोपहर 3:30 बजे हुई.

आमंत्रित मेहमान वे लोग हैं, जिनसे पिछले कुछ वर्षों में अलग-अलग पेशों, समुदायों और सामाजिक मुद्दों के सिलसिले में उनकी मुलाकात होती रही है. मेहमानों में बढ़ई, मैकेनिक, नाई और मोची परिवार, रेलवे कुली, किसान, खेतिहर मजदूर, सब्जी विक्रेता और कारोबारी, डिलीवरी वर्कर्स, निर्माण श्रमिक और सामाजिक कार्यकर्ताओं समेत विभिन्न क्षेत्रों के लोग शामिल हुए.

भाई-दूज की शाम, अपनों के नाम

लोगों से मुलाकात के बाद राहुल गांधी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल इंस्टाग्राम पर एक फोटो शेयर करते हुए लिखा, भाई-दूज की शाम, अपनों के नाम.

पिछले कई वर्षों में अलग-अलग अवसरों पर मिले, भारत जोड़ने की भावना से जुड़े इन मेहनतकश और हुनरमंद साथियों के साथ आज फिर मिलना बेहद सुखद रहा. बहुत दिलचस्प बातें हुईं. ये मेहनती लोग ही हिंदुस्तान की रीढ़ हैं, जिनका समाज के निर्माण में बहुत बड़ा योगदान है. हम इनके साथ खड़े हैं, इनकी आवाज बुलंद करते रहेंगे.

राहुल गांधी से साझा की दिल की बातें

इस बीच कांग्रेस ने बताया कि राहुल गांधी से मिले ये वे लोग हैं, जिनका समाज के निर्माण में अमूल्य योगदान है और जिन्होंने वक्त पड़ने पर संविधान एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए आवाज उठाई है. राहुल गांधी ने सभी मेहमानों को अपने परिवार, परिजनों, रिश्तेदारों और दोस्तों के साथ सपरिवार आमंत्रित किया था. इस अवसर पर सभी एक साथ बैठकर पारिवारिक माहौल में राहुल गांधी से फिर मुलाकात की और अपने दिल की बात साझा की. ये वही लोग हैं, जिनसे पिछले कुछ वर्षों में अलग-अलग पेशों, समुदायों और सामाजिक मुद्दों के सिलसिले में राहुल गांधी जी की मुलाकात होती रही है.

राहुल आप सफेद कपड़े क्यों पहनते हैं?

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, गाजियाबाद से कांग्रेस नेता डॉली शर्मा राहुल गांधी से मिलने पहुंचीं. उन्होंने बताया कि राहुल गांधी ने उनके बच्चों से भी बहुत प्यार से बात की. वहीं, उनकी भतीजी ने राहुल से पूछा कि वे हमेशा सफेद कपड़े क्यों पहनते हैं. डॉली के अनुसार, राहुल ने जवाब दिया कि उन्हें अपनी जिंदगी को सरल रखना पसंद है. एक महिला ने यह इच्छा भी जताई कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनें. कुछ मेहमानों ने बताया कि यह बातचीत पूरी तरह से दोस्ताना थी और इसमें कोई राजनीतिक चर्चा नहीं हुई.

Prev Post
Next Post