3008 चैट्स, 42 कॉल और सीक्रेट ड्रोन यूनिट का डेटा लीक, पाक खुफिया एजेंट के जाल में ऐसे फंसा एयरफोर्स अफसर
Raisina News Desk- नवंबर 13, 2026 09:21 AM IST
Agency:एजेंसियां
देश की सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां अगर दुश्मन देश के हाथ लग जाएं तो कितना बड़ा खतरा पैदा हो सकता है? दिल्ली पुलिस की चार्जशीट में सामने आई एक कहानी इसी चिंता को बढ़ाती है. भारतीय वायुसेना के एक विंग कमांडर पर आरोप है कि उसने पाकिस्तानी खुफिया एजेंट के साथ 3008 चैट्स और 42 वॉयस कॉल के जरिए कई गोपनीय जानकारियां साझा कीं. इनमें युद्ध की योजनाओं से जुड़े दस्तावेज से लेकर लड़ाकू विमानों की तैनाती और उनकी आवाजाही तक की जानकारी शामिल बताई गई है. इतना ही नहीं पुलिस का दावा है कि अफसर ने एक सीक्रेट ड्रोन यूनिट की क्षमता और उसके कामकाज से जुड़ी अहम जानकारियां भी साझा कीं. मामला सिर्फ बातचीत या कुछ दस्तावेज भेजने तक सीमित नहीं रहा. आरोप है कि इस जाल में फंसकर अफसर ने अपने ही यूनिट के पांच अधीनस्थ कर्मचारियों के डिवाइस में मालवेयर इंस्टॉल कराने की कोशिश भी की.
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली की अदालत में दाखिल चार्जशीट के मुताबिक विंग कमांडर जनवरी से अप्रैल के बीच संदिग्ध पाकिस्तानी ऑपरेटिव के संपर्क में था. पुलिस का आरोप है कि दोनों के बीच व्हाट्सऐप पर लगातार बातचीत होती थी. इस दौरान 65 तस्वीरें और 65 रिएक्शन भी साझा किए गए. चार्जशीट में दावा किया गया है कि अफसर ने एक कथित न्यूड तस्वीर मिलने के बाद गोपनीय युद्ध योजना के एक पन्ने की तस्वीर अपलोड की थी. पुलिस के मुताबिक उसने यह तक कहा था कि हर न्यूड तस्वीर के बदले वह युद्ध योजना का एक नया पन्ना देगा. अफसर को करीब पांच महीने पहले गिरफ्तार किया गया था और उस पर आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम यानी ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया. पुलिस का कहना है कि लीक हुई जानकारियों से सैन्य ठिकानों और ऑपरेशन की सुरक्षा को गंभीर खतरा हो सकता था.
चार्जशीट के मुताबिक अफसर ने एक गोपनीय ड्रोन यूनिट की संख्या और संगठनात्मक ढांचे से जुड़ी जानकारी साझा की. इसमें ड्रोन के परीक्षण की डिटेल और उनकी ऑपरेशनल क्षमता भी शामिल थी. पुलिस का दावा है कि ड्रोन कितनी देर तक काम कर सकता है और उसका निशाना साधने का तरीका क्या है जैसी संवेदनशील बातें भी पाकिस्तानी ऑपरेटिव तक पहुंचाई गईं. इसके अलावा युद्ध की स्थिति में ड्रोन तैनात करने के लिए चिह्नित जगहों की जानकारी देने का भी आरोप है.
पुलिस की चार्जशीट में लेह में लड़ाकू विमानों की तैनाती और उनकी आवाजाही से जुड़ी जानकारी साझा करने का आरोप भी लगाया गया है. इसके अलावा राजस्थान के सूरतगढ़ स्थित महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में हुए सैन्य अभ्यास का ब्योरा भी संदिग्ध ऑपरेटिव तक पहुंचने की बात कही गई है. पुलिस के मुताबिक ऐसी जानकारियां सामने आने से सैन्य अभियानों की गोपनीयता प्रभावित हो सकती थी. इससे अहम सैन्य ठिकानों और ऑपरेशन की कमजोरियां उजागर होने का खतरा था.
मामले में सबसे गंभीर आरोपों में से एक यह है कि संदिग्ध पाकिस्तानी ऑपरेटिव ने अफसर को कुछ मालवेयर और स्पाइवेयर एप्लिकेशन भेजे थे. पुलिस के मुताबिक इनकी मदद से अफसर के डिवाइस में मौजूद संवेदनशील डेटा और उसके वरिष्ठ अधिकारियों के साथ होने वाले संवाद तक पहुंच बनाई जा सकती थी. चार्जशीट में दावा है कि विंग कमांडर ने अपनी यूनिट में तैनात पांच अधीनस्थ कर्मचारियों के आईसीटी डिवाइस में भी खास मालवेयर या स्पाइवेयर इंस्टॉल कराने का काम पूरा किया. इससे सैन्य संचार और गोपनीय सूचनाओं तक पहुंच का खतरा बढ़ सकता था.
पुलिस ने चार्जशीट में व्हाट्सऐप डेटा के विश्लेषण का हवाला देते हुए बताया कि अफसर और संदिग्ध पाकिस्तानी ऑपरेटिव के बीच कुल 3008 टेक्स्ट मैसेज यानी चैट्स का आदान-प्रदान हुआ. इसके अलावा 65 तस्वीरें साझा की गईं और 65 रिएक्शन दर्ज हुए. दोनों के बीच 42 वॉयस कॉल और 4 वीडियो कॉल भी हुईं. बातचीत में 6 यूआरएल भी साझा किए गए. पुलिस के मुताबिक यह संपर्क 12 जनवरी से 1 अप्रैल तक चला. इसी दौरान अफसर को कार्यालय में स्मार्टफोन ले जाने के मामले में रोका गया और जांच आगे बढ़ी. फिलहाल चार्जशीट में दर्ज आरोपों पर अदालत में कानूनी प्रक्रिया जारी है.