Layoff Story : शादी के लिए छुट्टी मांगने गया तो बॉस बोले-तुम्‍हारी तो छंटनी हो गई, अब तो छुट्टी ही छुट्टी

Layoff Story : शादी के लिए छुट्टी मांगने गया तो बॉस बोले-तुम्‍हारी तो छंटनी हो गई, अब तो छुट्टी ही छुट्टी

Layoff Story : अमेरिकी सेमीकंडक्टर कंपनी क्वालकॉम के एक कर्मचारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट पर छंटनी का दर्द साझा करते हुए लिखा कि उसकी 18 नवंबर को शादी थी. इसके लिए 9 से 24 नवंबर तक लीव लेने का प्लान बनाया था. लेकिन, जब मैनेजर के पास छुट्टी मांगने पहुंचा तो उन्होंने बताया कि तुम्हारी तो पहले ही छंटनी हो चुकी है.

नई दिल्ली. जरा अंदाजा लगाइये कि आईटी सेक्टर में काम करने वाला एक युवा कर्मचारी जिसकी कुछ ही दिनों में शादी होने वाली है. वह खुशी-खुशी यह खुशखबरी देने अपने बॉस के पास पहुंचता है और शादी के लिए छुट्टी मांगता है, लेकिन बॉस उसे जो जवाब देता है उसे सुनकर पैरों के नीचे से जमीन खिसक जाती है. बॉस ने कहा- तुम्हें छुट्टी चाहिए लेकिन तुम्हारी तो छंटनी हो चुकी है. अब छुट्टी ही छुट्टी. यह कर्मचारी और कहीं नहीं, दुनिया की दिग्गज सेमीकंडक्टर कंपनी क्वालकॉम (Qualcomm) में काम करता है.

अमेरिकी सेमीकंडक्टर कंपनी क्वालकॉम ने कुछ दिन पहले अपने रीस्ट्रक्चर प्लान का ऐलान किया था. कंपनी ने बताया था कि वह भारत सहित दुनियाभर में अपने कर्मचारियों की संख्या को रीस्ट्रक्चर कर रही है. हालांकि, कंपनी ने यह नहीं बताया कि कुल कितने कर्मचारियों की छंटनी की जा रही है. इस छंटनी में भारतीय कर्मचारियों की संख्या भी शामिल है.

सोशल मीडिया पर छलका दर्द
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट (Reddit) पर एक कर्मचारी ने अपना दर्द साझा करते हुए बताया कि 18 नवंबर को उसकी शादी थी और उसने 9 नवंबर से 24 नवंबर तक लीव लेने का प्लान बनाया था. उसने सारी तैयारियां भी कर ली थी और बॉस के पास छुट्टी मांगने गया था. तब तक उसे पता भी नहीं था कि उसका नाम छंटनी में डाला गया है. उसने लीव मांगने के लिए अपने मैनेजर से संपर्क किया तो पता चला कि उसकी छंटनी हो गई है.

शादी वाले सप्ताह में ही देनी थी जानकारी
क्वालकॉम के कर्मचारी ने बताया कि जब उसके मैनेजर से संपर्क हुआ तो उन्होंने माफी मांगते हुए कहा कि कंपनी उन्हें इसकी जानकारी देने का प्लान बना रही थी, जो शादी वाले सप्ताह में देनी थी. हालांकि, युवा कर्मचारी ने बताया कि यह शॉकिंग खबर सुनने के बावजूद उन्हें सुकून महसूस हुआ क्योंकि कई दिनों से मन में चल रहा भ्रम खत्म हो गया है.

नहीं लेना चाहता था छंटनी का दबाव
युवा कर्मचारी ने बताया कि शादी की तैयारियों और तमाम तरह के तनावों के बीच छंटनी का दबाव भी नहीं लेना चाहता था. उन्होंने कहा कि यह सुनने के बाद कि छंटनी हो गई है, काफी सुकून मिला क्योंकि इससे पहले तक नौकरी जाने की अफवाह सुन रहे थे. उन्होंने रेडिट पर लिखा, सच कहूं तो काफी रिलैक्स्ड महसूस कर रहा हूं. आखिरकार छंटनी को लेकर जो अफवाहें चल रही थी, वह अब खत्म हो गई और सच्चाई मेरे सामने आ गई.

Prev Post
Next Post