Aaj Ki Taaja Khabar Live Updates: दिल्ली में छठ से पहले यमुना में मरी हुई मछलियां फेंकने का आरोप, FIR की मांग
Raisina News Desk- नवंबर 13, 2026 11:26 AM IST
13 Nov 2026 11:09 AM (IST)
दिल्ली में रोहिणी स्पेशल स्टाफ ने अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क का भंडाफोड़ कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जोगेंद्र उर्फ जॉक (40) और जॉनी उर्फ अक्षय (25) के रूप में हुई. जांच में जॉनी उर्फ अक्षय को हथियारों का सप्लायर बताया गया है। उसके पास से तीन पिस्टल और 10 कारतूस बरामद हुए. जोगेंद्र पर पहले हत्या और मारपीट के मामले दर्ज हैं, जबकि जॉनी पर हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तीन मामले दर्ज हैं।
13 Nov 2026 10:50 AM (IST)
दिल्ली में छठ पूजा से पहले यमुना नदी में मरी हुई मछलियां फेंके जाने का मामला सामने आया है. दिल्ली सरकार के सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर ने इस मामले में सोनिया विहार थाने के SHO को पत्र लिखकर FIR दर्ज करने की मांग की है. पत्र में आरोप लगाया गया है कि कुछ अज्ञात लोग जानबूझकर यमुना नदी में मरी हुई मछलियां डाल रहे हैं. विभाग का आरोप है कि ऐसा दिल्ली सरकार की छवि खराब करने के उद्देश्य से किया जा रहा है.
13 Nov 2026 10:08 AM (IST)
गृह मंत्रालय ने इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन (IRF) पर गैर-कानूनी संगठन के तौर पर बैन को और पांच साल के लिए बढ़ा दिया है. IRF इस्लामी उपदेशक जाकिर नाइक से जुड़ा संगठन है. केंद्र सरकार ने नवंबर 2016 में IRF को गैरकानूनी संगठन घोषित किया था.
13 Nov 2026 09:43 AM (IST)
जम्मू कश्मीर की राजौरी पुलिस ने PoK के आतंकी हैंडलर मोहम्मद अरशद की प्रॉपर्टी अटैच की है. आतंकी की थानामंडी के खाबलान गांव में 81 लाख रुपये की संपत्ति जब्त कर ली गई है.
13 Nov 2026 09:16 AM (IST)
भारतीय वायुसेना ने अपने उत्तरी सेक्टर में कई सैन्य अभ्यासों की तैयारी की है. इसके लिए 13 से 21 नवंबर 2026 के बीच अलग-अलग तारीखों पर कई NOTAM जारी किए हैं. जारी नोटिस के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के आसपास के कुछ हवाई क्षेत्रों को रिजर्व किया गया है. पहला एयरस्पेस 13 नवंबर को सुबह 2:30 बजे UTC से 21 नवंबर को शाम 6:29 बजे UTC तक रिजर्व रहेगा. वहीं, दूसरे हवाई क्षेत्र को 16 नवंबर को दोपहर 2 बजे UTC से 19 नवंबर को रात 10:30 बजे UTC तक सैन्य अभ्यास के लिए निर्धारित किया गया है.
13 Nov 2026 08:42 AM (IST)
पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी की ओर से उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी होते ही इस्तीफे का दौर शुरू हो गया है. पंजाब डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड के डायरेक्टर और अमृतसर के राजासांसी से पार्टी के सीनियर नेता सुखदीप सिंह छीना ने AAP की प्राइमरी मेम्बरशिप से इस्तीफा दे दिया है. राजासांसी सीट से पार्टी ने एक्ट्रेस सोनिया मान को टिकट दिया है.
13 Nov 2026 08:17 AM (IST)
महाराष्ट्र के पुणे में CNG और PNG की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है. CNG के दाम में प्रति किलो 1.25 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जिसके बाद पुणे में CNG की कीमत 99 रुपये प्रति किलो हो गई है. इसके अलावा घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की कीमत में भी 1.50 रुपये की बढ़ोतरी की गई है. महाराष्ट्र नेचुरल गैस लिमिटेड के मुताबिक, बढ़ी हुई नई दरें आधी रात से लागू हो गई हैं.
13 Nov 2026 08:09 AM (IST)
उत्तर प्रदेश की बागपत पुलिस ने राष्ट्रपति भवन में तैनात सुरक्षा गार्ड सौरभ को गोली मारने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है. थाना रमाला पुलिस ने दोनों आरोपी धीरज और मोनू उर्फ प्रवीण को गिरफ्तार कर लिया है. एक आरोपी मुठभेड़ में घायल अवस्था में गिरफ्तार हुआ. आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त दो अवैध .315 बोर के तमंचे भी बरामद हुए.
13 Nov 2026 07:36 AM (IST)
पश्चिम बंगाल से पुरी करीब 55 तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक बस आज सुबह ओडिशा के बडचना थाना इलाके में हादसे का शिकार हो गई. तीर्थयात्रियों की बस एक खड़े ट्रक से टकरा गई, जिसमें कई यात्री घायल हो गए.
13 Nov 2026 07:07 AM (IST)
दिल्ली में प्रदूषण से राहत मिलती नहीं दिख रही है. दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 402 दर्ज किया गया है, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है. IIT दिल्ली में AQI 487 दर्ज किया गया, जबकि चांदनी चौक और नॉर्थ कैंपस में यह 476 रहा. वहीं, ITO में 453, जहांगीरपुरी में 427, वजीरपुर में 425, आनंद विहार में 417 और बवाना व रोहिणी में 411 AQI दर्ज किया गया. जबकि IGI एयरपोर्ट टर्मिनल-3 में AQI 402, बुराड़ी और ओखला फेज-2 में 399, द्वारका सेक्टर-8 और नरेला में 369, जबकि लोधी रोड में 341 AQI रहा.
13 Nov 2026 06:44 AM (IST)
दिल्ली के पटेल नगर इलाके में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ में गैंगस्टर प्रकाश उर्फ आकाश उर्फ चिनू को गिरफ्तार कर लिया गया. सेंट्रल जिले की AATS टीम को सफलता मिली है. मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी. आरोपी नबी करीम थाने का घोषित बदमाश (BC) है. वह सितंबर में सदर बाजार शोभायात्रा के दौरान विकास कालिया गैंग के बीच हुई हिंसक झड़प के मामले में वांटेड था.
13 Nov 2026 06:33 AM (IST)
पीएम मोदी आज बेंगलुरु में संघ के वरिष्ठ प्रचारक रहे स्वर्गीय एचवी शेषाद्रि जन्म शताब्दी समारोह में हिस्सा लेंगे.
13 Nov 2026 05:38 AM (IST)
पेंसिल्वेनिया के एक विधायक के अनुसार, डेलावेयर नदी पर बने एक पुल से एक मालवाहक जहाज टकरा गया, जिससे न्यू जर्सी के पाल्मीरा और फिलाडेल्फिया के बीच ट्रैफिक बाधित हो गया.राज्य के प्रतिनिधि एड नीलसन ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि इस टक्कर के कारण 1,115 मीटर लंबा ‘टकोनी-पाल्मीरा ब्रिज’ बंद नहीं हो पा रहा है, जिसकी वजह से फिलाडेल्फिया की तरफ भारी ट्रैफिक जाम लग गया है. उन्होंने कहा कि किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है.
13 Nov 2026 04:11 AM (IST)
दिल्ली: CPCB (केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड) के अनुसार, अक्षरधाम के आसपास एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 408 है, जिसे ‘गंभीर’ (Severe) श्रेणी में रखा गया है.
13 Nov 2026 01:33 AM (IST)
देर रात द्वारका एक्सप्रेसवे पर, छावला थाना क्षेत्र के अंतर्गत, एक किआ कार के पीछे से ट्रक से टकरा जाने के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई: दिल्ली पुलिस
13 Nov 2026 01:30 AM (IST)
रॉयटर्स की रिपोर्ट है: क्रेमलिन ने गुरुवार को कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और दो अमेरिकी दूतों के बीच बातचीत उपयोगी रही. अमेरिकी पक्ष ने पूर्वी यूक्रेन के एक शहर में संयुक्त मानवीय मिशन के लिए पुतिन के प्रस्ताव का समर्थन किया है. क्रेमलिन के सहयोगी यूरी उशाकोव ने बताया कि पुतिन इस महीने के आखिर में चीन में होने वाले APEC शिखर सम्मेलन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ यूक्रेन के मुद्दे पर चर्चा जारी रखेंगे. साथ ही, यूक्रेन के साथ सीधी शांति वार्ता – जो 9 महीने के अंतराल के बाद इस हफ्ते फिर से शुरू हुई है – वह भी जारी रहेगी. उशाकोव ने कहा कि रूस ने अमेरिकी दूतों को स्पष्ट कर दिया है कि NATO का और विस्तार नहीं हो सकता. उन्होंने उम्मीद जताई कि यूरोप, एक नई यूरोपीय सुरक्षा व्यवस्था पर होने वाली बातचीत का समर्थन करेगा.
13 Nov 2026 12:08 AM (IST)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शुक्रवार को कर्नाटक में कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे. इनमें पिंक लाइन मेट्रो और वंदे भारत ट्रेन की शुरुआत के साथ-साथ ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत फिर से विकसित किए गए चार रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन भी शामिल है. पीएम मोदी नई मेट्रो लाइन पर सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे और तवारेकेरे से आईआईएम बैंगलोर मेट्रो स्टेशन तक सफर करेंगे. साथ ही वे बेंगलुरु में 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की अलग-अलग विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और उनका उद्घाटन करेंगे. यही नहीं वह एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे.
13 Nov 2026 12:02 AM (IST)
उत्तर प्रदेश में वोटर लिस्ट के विशेष पुनरीक्षण (SSR) को लेकर बीजेपी ने संगठनात्मक सक्रियता बढ़ा दी है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से प्रदेश में करीब 1.27 करोड़ हिंदू वोटर्स के नाम कटने की आशंका के बीच पार्टी इस मुद्दे पर सक्रिय हो गई है. आज शुक्रवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में बीजेपी की अहम बैठक होने वाली है. सुबह 10 बजे होने वाली इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह मौजूद रहेंगे. बैठक में जिला अध्यक्षों और जिला प्रभारियों के साथ मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर संगठन की रणनीति पर चर्चा होगी.
13 Nov 2026 12:01 AM (IST)
रक्षा मंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह आज लखनऊ दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वह सुल्तानपुर रोड स्थित गुलजार उपवन में नवनिर्मित संस्कृति भवन का उद्घाटन करेंगे. बीजेपी लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी के मुताबिक, राजनाथ सुबह 11 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचेंगे. यहां से सड़क मार्ग से 11:25 बजे गुलजार उपवन पहुंचेंगे. फिर सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर संस्कृति भवन का लोकार्पण करेंगे. फिर दोपहर 1:05 बजे एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे.
13 Nov 2026 12:00 AM (IST)
समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव आज शुक्रवार को अहम बैठक करने वाले हैं. उत्तर प्रदेश की 86 आरक्षित सीटों के सपा विधानसभा अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे. बैठक में विधानसभा अध्यक्षों के साथ तैयारी को लेकर चुनावी समीक्षा की जाएगी. साथ ही बूथ मैनेजमेंट, दलित वोटबैंक और संगठन की मजबूती पर भी मंथन होगा.