शहीद SPO का ऐसा अपमान, ट्रक में घर पहुंचे दो जवानों के पार्थिव शरीर, ताबूत तक नहीं हुए नसीब
Raisina News Desk- नवंबर 14, 2026 10:03 PM IST
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में दो विशेष पुलिस अधिकारियों (SPO) की आतंकियों के हाथों हत्या के बाद अब उनके पार्थिव शरीर को घर पहुंचाने के तरीके पर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. देश की सुरक्षा के लिए अपनी जान न्योछावर करने वाले एसपीओ रशपाल कुमार और बाबी चंद के पार्थिव शरीर जब उनके पैतृक गांव कियार पहुंचे तो उन्हें देखकर हर कोई स्तब्ध रह गया. दोनों जवानों के शव बिना ताबूत के एक डंपर में लाए गए.
इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला. परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए. यहां तक कि ग्रामीणों का आरोप है कि शवों को उठाने के लिए स्ट्रेचर तक उपलब्ध नहीं कराया गया और उन्हें ढकने के लिए सफेद कपड़े का इंतजाम भी खुद करना पड़ा.
मौके पर पहुंचीं किश्तवाड़ की विधायक शगुन परिहार भी पुलिस अधिकारियों पर जमकर बरसीं. उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए सवाल किया कि आखिर शहीद जवानों के पार्थिव शरीर को इस तरह डंपर में भरकर क्यों लाया गया? उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि हमारे शहीद जवानों को डिब्बे में लाया गया. उन्होंने सवाल किया, ‘आतंकियों के हाथों जवान मारे जाते हैं तो आप लोग क्या करते हैं?’
इस दौरान शगुन परिहार ने अपने परिवार के दर्द का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि आतंकियों ने उनके पिता और चाचा की भी हत्या की थी, वह इस दर्द को समझती हैं. ऐसे में देश के लिए जान गंवाने वाले जवानों के साथ इस तरह का व्यवहार बेहद दुखद है.
वहीं, नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा ने भी इस पूरे मामले पर नाराजगी जताई और पुलिस अधिकारियों से जवाब मांगा है. मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के स्तर पर हस्तक्षेप हुआ और फिर दोनों जवानों का पूरे सैन्य और पुलिस सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया.
View this post on Instagram