नई दिल्ली. शेयर बाजार में जब भी उथल-पुथल आती है तो इसका असर म्यूचुअल फंड बाजार पर भी जरूर पड़ता है. बीते एक साल से भूराजनैतिक तनावों की वजह से शेयर बाजार में दबाव बना हुआ है. नवंबर में आई तेजी को छोड़ दिया जाए तो ज्यादातर समय बाजार में गिराव ही रही है. यही वजह है कि साल 2026 में निफ्टी 50 इंडेक्स ने -3.34% का रिटर्न दिया है. इसी दौरान बीएसई सेंसेक्स ने भी -3.95% का रिटर्न दिया है. ऐसे में स्मॉल, मिड और लार्ज के फंड पर भी दबाव दिख रहा है. अगर आप भी इस दबाव की वजह से म्यूचुअल फंड के नुकसान को लेकर चिंतित हैं तो इन 5 बातों को गांठ बांध लें, जो इस संकट से निकाल सकते हैं.
पैसाबाजार डॉटकॉम में म्यूचुअल फंड के बिजनेस हेड तुषार गुप्ता का कहना है कि आप कुछ अनुशासित तरीकों को अपनाकर म्यूचुअल फंड में अपने जोखिमों को कम कर सकते हैं. सबसे पहले तो अपने लक्ष्यों और निवेश को बेहतर ढंग से मैनेज करने के लिए एसेट अलोकेशन पर ध्यान देना होगा. निवेशक को हमेशा यह ध्यान रखना होगा कि जल्दबाजी में रिटर्न के पीछे भागने के बजाय निवेश को अलग-अलग एसेट क्लास में लेकर जाएं, ताकि किसी एक विकल्प से नुकसान न हो.
5 बातों से सुरक्षित बनाएं निवेश
- समझदारी भरा एलोकेशन : एक निवेशक के लिए म्यूचुअल फंड और निवेश का सबसे पहला कदम अपनी संपत्ति का एलोकेशन होता है. अपने पैसों को इक्विटी, डेट, एफडी और अन्य एसेट क्लास में लगाना चाहिए. यह एलोकेशन अपनी निवेश क्षमता के हिसाब से करना होगा और अगर इसके लिए जरूरी हो तो किसी फाइनेंशियल एडवाइजर से सलाह भी ली जा सकती है.
- निवेश का डाईवर्सिफिकेशन : एक निवेशक को अपनी संपत्ति कभी एक ही जगह नहीं लगानी चाहिए. न तो एक स्टॉक में और न ही एक म्यूचुअल फंड या किसी एक सेक्टर में. इसके बजाय अपने जोखिम को पहचानते हुए अलग-अलग जगहों पर संपत्ति का कुछ-कुछ हिस्सा निवेश करना चाहिए.
- गिरावट में घबराएं नहीं : बाजार में गिरावट आती है तो म्यूचुअल फंड पर भी असर पड़ता है, लेकिन निवेशक को इससे घबराना नहीं चाहिए और न ही परेशान होकर पैसे निकालने चाहिए. आपको लॉन्ग टर्म के लिए इसमें निवेश करना होगा, ताकि रिटर्न का पूरा फायदा उठाया जा सके.
- एसआईपी कभी न रोकें : अगर आपने म्यूचुअल फंड में एसआईपी करना शुरू किया है तो बाजार में गिरावट आने के बाद इसे रोके नहीं. आपको लंबे समय के लिए अपने एसआईपी को जारी रखना चाहिए. भले ही निवेश पर रिटर्न आपकी मंशा के अनुरूप न हों.
- समय-समय पर समीक्षा करते रहें : पैसे लगाने के बाद उसकी समीक्षा और पोर्टफोलियो में बदलाव करना भी आपकी रणनीति में शामिल होना चाहिए. अपने फंड के प्रदर्शन पर गहराई से नजर डालें और नुकसान से बचने के लिए इसमें लगातार बदलाव करते रहें. जैसे-जैसे आपका लक्ष्य बदले, उसकी अनुरूप आपको निवेश पोर्टफोलियो में भी बदलाव करना चाहिए.