जनता से मांगे सुझाव, जारी किए तीन फोन नंबर… पंजाब चुनाव को लेकर BJP का बड़ा ऐलान

जनता से मांगे सुझाव, जारी किए तीन फोन नंबर… पंजाब चुनाव को लेकर BJP का बड़ा ऐलान

शिरोमणि अकाली दल के साथ लगातार संभावित गठबंधन की अटकलों के बीच भारतीय जनता पार्टी पंजाब ने 2027 के विधानसभा चुनावों का ‘संकल्प पत्र’ तैयार करने के लिए जनता से सुझाव लेने का अभियान शुरू किया है. रविवार को पार्टी कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, पंजाब प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया और घोषणापत्र समिति के चेयरमैन अविनाश राय खन्ना ने इसके लिए तीन फोन नंबर और एक क्यूआर कोड जारी किया.

इस मौके पर केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि पंजाब को नशे, गैंगस्टरवाद, भ्रष्टाचार और कर्ज से बाहर निकालने के लिए बीजेपी की ‘डबल इंजन सरकार’ ही एकमात्र समाधान है. उन्होंने कहा कि पार्टी नशा मुक्ति, युवाओं के सुरक्षित भविष्य और राज्य के विकास के मुद्दों पर चुनाव लड़ेगी. पार्टी ने इसे जनता का घोषणापत्र बताया है. ढिल्लों ने कहा, हम समाज के हर वर्ग से सुझावों का स्वागत करेंगे और उसके बाद चुनावी घोषणापत्र तैयार किया जाएगा.

एजेंडा पंजाब की प्रगति और विकास

उन्होंने कहा, हमारा एकमात्र एजेंडा पंजाब की प्रगति और विकास है. यह हर पंजाबी का घोषणापत्र होगा. ढिल्लों ने कहा कि पार्टी घोषणापत्र के लिए लोगों से सुझाव जुटाने के वास्ते गांवों और शहरों में वाहन भी भेजेगी.

अविनाश राय खन्ना ने बताया कि आम लोग निम्नलिखित तरीकों से सीधे पार्टी को अपने सुझाव भेज सकते हैं:

कॉल के लिए: 0797-194-3333

मिस्ड कॉल के लिए: 991-300-2027 (इसके बाद पार्टी कार्यालय से फोन कर सुझाव लिए जाएंगे)

व्हाट्सएप के लिए: 750-856-0065

अन्य माध्यम: वेबसाइट के क्यूआर कोड और राज्य भर के गांवों-शहरों में जाने वाली प्रचार वैन पर लगे सुझाव बॉक्स के जरिए.

क्या बीजेपी-अकाली दल में होगा गठबंधन?

पंजाब में बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल के बीच फिर से गठबंधन होने की चर्चा तेज हो गई है। सूत्रों के अनुसार, दोनों पार्टियों के बीच बातचीत हो चुकी है और अगले हफ्ते तक इसकी औपचारिक घोषणा की जा सकती है. हालांकि, सीटों के बंटवारे को लेकर अभी भी पेंच फंसा हुआ है; बीजेपी 50 से 55 सीटें मांग रही है, जबकि अकाली दल 45 सीटें देने को तैयार है.

1997 से 2017 तक था गठबंधन

बीजेपी और अकाली दल ने 1997 से 2017 तक गठबंधन में चुनाव लड़ा था. सितंबर 2020 में, कृषि कानूनों को लेकर हुए मतभेदों के चलते अकाली दल ने एनडीए से अपना नाता तोड़ लिया था. अब ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि 2027 के चुनावों से पहले दोनों पार्टियां फिर से एक साथ आ सकती हैं.

विकास के रोडमैप वाले विजन डॉक्यूमेंट जारी

प्राप्त सभी सुझावों का अध्ययन पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल की अध्यक्षता वाली समिति करेगी. पार्टी का प्रयास है कि अगले महीने तक पंजाब के विकास के रोडमैप वाला ये विजन डॉक्यूमेंट जारी कर दिया जाए. इस मौके पर एचएस फूलका, राजिंदर गुप्ता, मनोरंजन कालिया, सोम प्रकाश, राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी, अश्वनी सेखड़ी, परमपाल कौर और विनीत जोशी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे.

Prev Post
Next Post