मानहानि केस: ध्रुव राठी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी, 3 दिसंबर को अगली सुनवाई

मानहानि केस: ध्रुव राठी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी, 3 दिसंबर को अगली सुनवाई

यूट्यूबर ध्रुव राठी की मुश्किलें बढ़ गई हैं. दिल्ली की साकेत कोर्ट ने उनके खिलाफ आठ साल पुराने आपराधिक मानहानि मामले में गैर-जमानती वारंट जारी किया है. अदालत में पेश नहीं होने और पहले जारी किए गए जमानती वारंट की तामील नहीं हो पाने के बाद कोर्ट ने यह कदम उठाया है. मामले की अगली सुनवाई अब 3 दिसंबर को होगी. इससे पहले 17 अक्टूबर 2026 को साकेत कोर्ट ने ध्रुव राठी के खिलाफ जमानती वारंट जारी किया था.

इस मामले में साकेत कोर्ट को बताया गया था कि समन की तामील कराने के लिए जब प्रोसेस सर्वर उनके गुरुग्राम स्थित आवास पहुंचा तो वहां ताला लगा मिला. इसके बाद कोर्ट ने उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए 31 अक्टूबर को फिर से जमानती वारंट जारी किया था. हालांकि, इस वारंट की भी तामील नहीं हो सकी. इसके बाद अदालत ने 23 नवंबर को उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कर दिया.

2018 के वीडियो से जुड़ा है मानहानि का मामला

ध्रुव राठी के खिलाफ यह आपराधिक मानहानि का मामला साल 2018 में दर्ज कराया गया था. शिकायतकर्ता विकास सांक्रित्यायन उर्फ विकास पांडे की यह शिकायत ध्रुव राठी के यूट्यूब चैनल पर मई 2018 में अपलोड किए गए वीडियो ‘BJP IT Cell Part 2’ से जुड़ा है. शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस वीडियो में ध्रुव राठी ने उनके बारे में ऐसे दावे किए, जिससे उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा.

वीडियो में कथित तौर पर आरोप लगाया गया था कि बीजेपी आईटी सेल के लोगों ने विकास पांडे को ध्रुव राठी के खिलाफ अभियान चलाने और उन्हें बदनाम करने के लिए पैसे देने की कोशिश की थी. विकास पांडे ने इन आरोपों को गलत बताते हुए आपराधिक मानहानि की शिकायत दर्ज कराई थी. यह शिकायत ध्रुव राठी के अलावा वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा करने वाले अरविंद केजरीवाल के खिलाफ भी की गई थी.

2019 में पहली बार जारी हुए थे समन

इस मामले में अदालत ने ध्रुव राठी को पहली बार 23 जुलाई 2019 को समन जारी किया था. हालांकि, लंबे समय तक समन की तामील नहीं हो सकी. शिकायतकर्ता की ओर से अदालत में दलील दी गई थी कि ध्रुव राठी आमतौर पर विदेश में रहते हैं, जिसके चलते उन्हें समन पहुंचाने में परेशानी हो रही है. अक्टूबर 2026 में शिकायतकर्ता की ओर से जल्द सुनवाई और समन की तामील कराने के लिए आवेदन दिया गया था.

इसके बाद 12 अक्टूबर को अदालत ने ध्रुव राठी के गुरुग्राम स्थित पते पर नए समन जारी करने का निर्देश दिया. कोर्ट ने शिकायतकर्ता को प्रोसेस सर्वर के साथ जाने की अनुमति भी दी थी, ताकि समन की तामील कराई जा सके. 17 अक्टूबर को समन की तामील नहीं होने के बाद अदालत ने जमानती वारंट जारी किया. 31 अक्टूबर को भी वारंट की तामील नहीं हो पाने पर अदालत ने नए जमानती वारंट जारी किए थे. अब 23 नवंबर को गैर-जमानती वारंट जारी किया गया है.

अरविंद केजरीवाल से भी जुड़ा है मामला

इस विवाद में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल का नाम भी सामने आया था. उन्होंने ध्रुव राठी के उस वीडियो को सोशल मीडिया पर रीट्वीट किया था, जिसके बाद विकास पांडे ने उनके खिलाफ भी मानहानि की कार्रवाई शुरू की थी.

फरवरी 2024 में अरविंद केजरीवाल ने सुप्रीम कोर्ट में वीडियो रीट्वीट करने को गलती बताया था. केजरीवाल से जुड़ी कार्यवाही और ध्रुव राठी के खिलाफ चल रहा मामला अलग-अलग कानूनी प्रक्रियाएं हैं. ध्रुव राठी के खिलाफ आपराधिक मानहानि की शिकायत पर साकेत कोर्ट में सुनवाई जारी है. अब अदालत ने ध्रुव राठी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है. मामले में अगली सुनवाई 3 दिसंबर को होगी.

Prev Post
Next Post

लेटेस्ट न्यूज़