परिसीमन समेत तीनों बिल का विरोध करेगी सपा, सांसदों को जारी किया व्हिप
Raisina News Desk- नवंबर 29, 2026 12:03 PM IST
समाजवादी पार्टी (सपा) ने संसद के विशेष सत्र को लेकर अपने सभी लोकसभा सांसदों के लिए व्हिप जारी किया है. पार्टी ने सांसदों को सत्र के दौरान सदन में पूरे समय मौजूद रहने और केंद्र सरकार की ओर से पेश किए जाने वाले तीनों विधेयकों के खिलाफ वोट करने का निर्देश दिया है. सपा संसदीय दल के मुख्य सचेतक और सांसद धर्मेंद्र यादव ने 28 नवंबर को इस संबंध में पत्र जारी किया. इसमें लोकसभा में पार्टी के सभी सदस्यों को 30 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक सदन में मौजूद रहने के लिए कहा गया है. साथ ही, तीनों विधेयकों पर मतदान के दौरान उनके विरोध में वोट करने का निर्देश दिया गया है.
दरअसल, संसद का विशेष सत्र सोमवार, 30 नवंबर 2026 से शुरू होकर गुरुवार, 3 दिसंबर 2026 तक चलने का कार्यक्रम है. इस दौरान केंद्र सरकार तीन महत्वपूर्ण विधेयक पेश करने जा रही है. इनमें संविधान (एक सौ इकतीसवां संशोधन) विधेयक, 2026, परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026 और संघ राज्य क्षेत्र विधि (संशोधन) दूसरा विधेयक, 2026 शामिल हैं. धर्मेंद्र यादव की ओर से जारी तीन पंक्तियों के व्हिप में पार्टी सांसदों को साफ निर्देश दिया गया है कि वे विशेष सत्र के दौरान सदन में अपनी मौजूदगी बनाए रखें. इसके अलावा, मतदान के समय सरकार की ओर से लाए जा रहे तीनों विधेयकों के खिलाफ वोट करें.
संसदीय दल की ओर से जारी व्हिप एक आधिकारिक निर्देश होता है. इसके जरिए पार्टी अपने सांसदों को बताती है कि किसी खास मुद्दे या विधेयक पर सदन में किस तरह मतदान करना है. व्हिप जारी होने के बाद सांसदों के लिए पार्टी के निर्देश का पालन करना जरूरी होता है. इसका उल्लंघन करने पर पार्टी उनके खिलाफ कार्रवाई कर सकती है.
सपा के इस फैसले से साफ है कि पार्टी विशेष सत्र में तीनों विधेयकों का विरोध करेगी. व्हिप के जरिए उसने अपने सभी लोकसभा सांसदों को एकजुट रखने और मतदान के दौरान विरोध दर्ज कराने की तैयारी की है.