ब्रदर स्टालिन, ब्रदर स्टालिन… कहते रह गए राहुल गांधी, लेकिन परिसीमन बिल पर नहीं मिला DMK का साथ

ब्रदर स्टालिन, ब्रदर स्टालिन… कहते रह गए राहुल गांधी, लेकिन परिसीमन बिल पर नहीं मिला DMK का साथ

चेन्नई. संसद के विशेष सत्र में पेश होने वाले परिसीमन विधेयक पर केंद्र की मोदी सरकार को रोकने के लिए कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व चेन्नई तक दौड़ लगा आया, लेकिन सारी कवायद धरी की धरी रह गई. 29 नवंबर को चेन्नई में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एमके स्टालिन से सियासी नजदीकी दिखाने और उनका मन बदलने की भरपूर कोशिश की. आलम यह रहा कि पूरे संबोधन में राहुल गांधी ने जितनी बार भी मुख्यमंत्री का जिक्र किया, हर बार उन्हें बेहद अपनत्व के साथ ‘ब्रदर स्टालिन’ कहकर संबोधित करना नहीं भूले. हालांकि, राहुल की इस ‘ब्रदर’ वाली केमिस्ट्री और मान-मनौव्वल के बावजूद स्टालिन अपने फैसले से टस से मस नहीं हुए.

‘तमिलनाडु पहले’ का हवाला देते हुए डीएमके प्रमुख ने परिसीमन बिल पर केंद्र का साथ देने का ऐलान कर दिया है, जिससे विपक्षी खेमे की रणनीति को बड़ा झटका लगा है. डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने साफ कर दिया है कि उनकी पार्टी अपने रुख से पीछे नहीं हटेगी और इस विधेयक पर केंद्र की भाजपा नेतृत्व वाली सरकार को समर्थन देगी. कांग्रेस के आग्रह को दरकिनार करते हुए स्टालिन ने दो-टूक शब्दों में राज्य के हित को सर्वोपरि बताया.

स्टालिन की यह टिप्पणी विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के नेताओं के साथ बैठक के बाद आई. बैठक में नेताओं ने उन्हें इस मुद्दे पर भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को समर्थन देने के अपने पहले के फैसले को वापस लेने के लिए मनाने की कोशिश की. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी की पूर्व अध्यक्ष एवं सांसद सोनिया गांधी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सहित ‘इंडिया’ गठबंधन के कई नेताओं ने चेन्नई में स्टालिन के आवास पर उनसे मुलाकात की. द्रमुक के लोकसभा में 22 और राज्यसभा में आठ सदस्य हैं.

स्टालिन ने कहा कि डीएमके के लिए ‘तमिलनाडु पहले’ है और यदि यह विधेयक गिरता है, तो राज्य को मिलने वाला न्यूनतम संवैधानिक संरक्षण भी हाथ से निकल जाएगा. विपक्षी खेमे को आईना दिखाते हुए स्टालिन ने यह भी स्पष्ट किया कि कांग्रेस के नेतृत्व वाले दलों ने इसका कोई ठोस विकल्प पेश नहीं किया है, ऐसे में तमिलनाडु के अधिकारों की रक्षा के लिए बिल का समर्थन करने के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं बचता.

एमके स्टालिन ने कहा, तमिलनाडु सबसे पहले
सोनिया गांधी, राहुल गांधी और ‘इंडिया’ गठबंधन के अन्य नेताओं से मुलाकात के बाद डीएमके अध्यक्ष एम.के. स्टालिन ने मीडिया से बातचीत में कहा कि परिसीमन विधेयक पर उनकी पार्टी का रुख पहले जैसा ही है. उन्होंने कहा, “अगर प्रस्तावित विधेयक गिर जाता है, तो तमिलनाडु को मिलने वाले न्यूनतम सुरक्षा उपाय भी खत्म हो जाएंगे… ऐसे हालात में, इस विधेयक का समर्थन करने के अलावा कोई और विकल्प नहीं है. 2027 में होने वाला परिसीमन दक्षिणी राज्यों को नुकसान पहुंचाएगा… पूरे भारत से आए नेताओं के सामने भी हमारा रुख वही है – जो पहले था, जो आज है और जो हमेशा रहेगा. तमिलनाडु सबसे पहले है.”

स्टालिन से मुलाकात के बाद क्या बोले राहुल गांधी?
DMK चीफ एम.के. स्टालिन से मुलाकात के बाद, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, “थिरु स्टालिन जी के साथ हमारी बहुत अच्छी और सौहार्दपूर्ण बातचीत हुई. हमने उनके सामने अपना पक्ष रखा. हमारा मानना ​​है कि परिसीमन के जरिए 850 सीटों वाली संसद बनाना और BJP को इन 850 सीटों का स्वरूप तय करने की छूट देना – जिससे भारत में चुनाव क्षेत्रों का स्वरूप ही बदल जाएगा – न केवल पूरे भारत के लिए, बल्कि दक्षिण भारत और खासकर तमिलनाडु के लिए भी नुकसानदेह है… हमने भाई स्टालिन से – जो तमिलनाडु के प्रबल रक्षक हैं – आग्रह किया कि वे तमिलनाडु की रक्षा करें और यह सुनिश्चित करें कि BJP की यह कुटिल योजना सफल न हो पाए… अगर BJP 850 सीटों वाली लोकसभा का स्वरूप तय करती है, तो भारत में लोकतंत्र खत्म हो जाएगा.”

Prev Post
Next Post