अतीक अहमद के कुनबे में कौन-कौन? पांच बेटों में दो की मौत, पत्नी तीन साल से फरार
Raisina News Desk- अगस्त 06, 2026 03:59 PM IST

नई दिल्ली:
माफिया डॉन अतीक अहमद के सबसे छोटे और पांचवें बेटे अबान अहमद की सड़क हादसे में मौत हो गई है. जानकारी के मुताबिक, अबान अहमद झांसी जेल में बंद अपने बड़े भाई अली से मिलकर वापस लौट रहा था. झांसी से वापस प्रयागराज लौटते वक्त कार डिवाइडर से जा टकराई और बड़ा हादसा हो गया. इससे पहले, अतीक अहमद के एक और बेटे असद अहमद का झांसी में ही एनकाउंटर हुआ था.
अतीक अहमद के कितने बेटे?
अतीक अहमद के कुल पांच बेटे थे, जिसमें सबसे बड़ा बेटा उमर अहमद लखनऊ जेल में बंद है. वहीं, अली अहमद झांसी जेल में बंद है. तीसरे बेटे असद की अप्रैल 2023 में झांसी में पुलिस एनकाउंटर में मौत हो गई थी. चौथा बेटा अहजम है, जो बाहर है. पांचवें नंबर के बेटे अबान की सड़क हादसे में मौत हो गई.
ये भी पढ़ें: अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की एक्सीडेंट में मौत, झांसी से प्रयागराज लौटते समय डिवाइडर से टकराई कार
2023 में हुआ था अतीक और अशरफ का मर्डर!
15 अप्रैल 2023 में पूर्व सांसद अतीक अहमद और भाई अशरफ की पुलिस कस्टडी में रहते हुए प्रयागराज (इलाहाबाद) में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस दौरान उन्हें मेडिकल जांच के लिए ले जाया जा रहा था. इस हत्या के पीछे की वजह का राज अभी तक नहीं खुल पाया है.
अतीक अहमद और अशरफ अहमद की हत्या की जांच के लिए बनाई गई स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) हत्या की जगह से गिरफ्तार किए गए तीनों हमलावरों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर चुकी है. पुलिस ने दावा किया था कि इन हमलावरों ने अंडरवर्ल्ड में अपना नाम और रुतबा बनाने के लिए ये हत्याएं की थीं. हालांकि, इन हत्याओं से जुड़े कई सवालों के जवाब अभी भी नहीं मिले हैं.
मीडियाकर्मी का भेष बदलकर आए हमलावरों ने मोतीलाल नेहरू अस्पताल परिसर में अहमद भाइयों पर बहुत करीब से हथियारों से गोली चलाई थी. गोलीबारी का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो गया था.
ये भी पढ़ें-अतीक अहमद के हत्यारों को दी थी रिपोर्टर बनने की ट्रेनिंग, 3 को यूपी पुलिस ने किया गिरफ्तार