कम से कम 25-30 छात्र दबे होंगे… चश्मदीद ने बताया- दिल्ली में कैसे गिरी इमारत?

नई दिल्ली:

दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को एक 6 मंजिला इमारत ढह गई. मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है. बड़ी संख्या छात्रों की है. रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और अब तक 6 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है. मौके पर फायर ब्रिगेड की दर्जनों गाड़ियां मौजूद हैं. 

अधिकारियों ने बताया कि ये हादसा दोपहर करीब डेढ़ बजे हुआ. इस इमारत में पीजी चल रहा था. एक चश्मदीद ने मलबे में कम से कम 50 छात्रों के दबे होने की आशंका जताई है. आज रविवार था, इसलिए ज्यादातर छात्र इस इमारत में थे. 

एक छात्र ने बताया कि कुछ लोगों को एंबुलेंस लेकर गई है लेकिन उन लोगों के बचने की संभावना बहुत कम है. अभी भी मलबे के नीचे से कई लोगों के रोने की आवाजें आ रही हैं. सारा मलबा हटा दें तो बिल्डिंग और गिर जाएगी. 

यह भी पढ़ेंः दिल्ली के सत्य निकेतन में छात्रों के हॉस्टल की इमारत गिरने का पहला VIDEO आया सामने

’25-30 छात्र दबे होंगे’

उन्होंने बताया कि कम से कम 25-30 छात्र दबे होंगे. दो-तीन डेड बॉडी निकली हैं और अभी और निकल सकती हैं. नीचे बेसमेंट बना रहे थे. 100-100 साल पुरानी बिल्डिंग है. ऊपर से तो बिल्डिंग मजबूत कर दी , लेकिन नीचे से कमजोर बनी हुई है. नीचे मजदूर काम कर रहे थे. बिल्डिंग का रेनोवेशन का काम चल रहा था, जिस वजह से बिल्डिंग गिरी है. यहां पर फल-सब्जी की रेहड़ी लगाने वाले भी नीचे दबे हुए हैं.

एक और चश्मदीद ने बताया कि जो इमारत गिरी है, उसका नाम ‘हॉस्टल डेज’ है. ठीक उसके बगल में एक और इमारत है जो गिर गई. ‘हॉस्टल डेज’ खास तौर पर लड़कों का PG है. बगल वाली इमारत भी गिर गई. जो छात्र अपने कमरों के अंदर थे, वे सभी मलबे के नीचे दब गए.’

दिल्ली के बिल्डिंग हादसे से जुड़ी पल-पल की अपडेट के लिए यहां क्लिक करें

कई छात्र गंभीर रूप से घायल

उन्होंने कहा कि फायर ब्रिगेड और बचाव दल लगभग 15-20 मिनट से यानी इमारत गिरने के समय से ही लोगों को बाहर निकालने की पूरी कोशिश कर रहे हैं. कई छात्र गंभीर रूप से घायल हुए हैं. बचावकर्मी उन्हें बहुत मुश्किल से बाहर निकाल रहे हैं.

इस घटना पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने चिंता जताई है. उन्होंने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. एहतियात के तौर पर बगल की इमारत को खाली करा लिया गया है. मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने और प्रभावित परिवारों को तुरंत मदद पहुंचाने की हर संभव कोशिश की जा रही है.

यह भी पढ़ेंः पूरा शरीर अंदर, सिर्फ सिर बाहर… दिल्ली के सत्य निकेतन में बिल्डिंग गिरने की भयावह तस्वीर


Prev Post
Next Post