गुरुग्राम के बाद अब दिल्ली में 'हिट एंड ड्रैग'! कार से टक्कर के बाद कई मीटर तक घिसटती रही बाइक, VIDEO वायरल
Raisina News Desk- सितंबर 18, 2026 12:24 PM IST

गुरुग्राम में चर्चित हिट एंड रन केस की गूंज अभी थमी भी नहीं थी कि राजधानी दिल्ली से एक और डराने वाला सड़क हादसा सामने आ गया. इस बार मामला आरके पुरम इलाके का है, जहां एक कार के साथ मोटरसाइकिल कई मीटर तक घिसटती चली गई. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है…हालांकि राहगीरों ने चालक को रोक लिया और बाद में पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है. दिल्ली पुलिस के मुताबिक, घटना गुरुवार रात करीब 10:22 बजे की है. वायरल वीडियो में एक नीले रंग की Honda Amaze कार के साथ मोटरसाइकिल घिसटती दिखाई दे रही है. आसपास मौजूद लोगों ने कार को रुकवाया, जिसके बाद पूरा मामला सामने आया.
🔴#BREAKING | दिल्ली के RK पुरम में तेज रफ्तार कार का कहर, बाइक घसीटने का वीडियो वायरल#Delhi #RKPuram #RoadAccident | #RanjanaRathoreNDTV @ranjanasingh95 @AaquilJameel
फॉलो करें हमारा व्हाट्सएप चैनल- https://t.co/YDfJKytDBX pic.twitter.com/vDYo63aQy6
— NDTV India (@ndtvindia) September 18, 2026
पुलिस जांच में सामने आया है कि तनीष टोकस नाम का शख्स सड़क किनारे खड़ी अपनी मोटरसाइकिल पर बैठा हुआ था. इसी दौरान नीले रंग की Honda Amaze कार ने बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि तनीष बाइक से नीचे गिर गए. हालांकि बाइक कार में फंस गई और कुछ मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई. इसी दौरान वहां मौजूद लोगों ने शोर मचाकर कार चालक को रुकवाया.
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. वीडियो में बाइक कार के आगे फंसी हुई नजर आती है और सड़क पर घिसटते हुए दिखाई देती है. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी. पुलिस ने बताया कि कार चला रहे 73 वर्षीय वेणु गोपाल वसंत कुंज के निवासी हैं. उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और बाद में संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया गया.
दिल्ली पुलिस के अनुसार, आरोपी चालक का मेडिकल परीक्षण कराया गया, लेकिन जांच में शराब के सेवन की पुष्टि नहीं हुई. यानी हादसा नशे की हालत में ड्राइविंग की वजह से नहीं हुआ. पुलिस ने Honda Amaze कार को भी जब्त कर लिया है और संबंधित धाराओं में FIR दर्ज की गई है. मामले की जांच जारी है. इस पूरी घटना में सबसे बड़ी राहत यह रही कि बाइक पर बैठे तनीष टोकस को कोई गंभीर चोट नहीं आई. हालांकि घटना का वीडियो सामने आने के बाद एक बार फिर राजधानी में सड़क सुरक्षा और लापरवाह ड्राइविंग को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं.
ये भी पढ़ें: दिल्ली में आश्रम-सराय काले खां जाने से पहले पढ़ लें ये खबर, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का हिस्सा बंद