दिल्ली एयरपोर्ट में जलभराव के AI पोस्ट शेयर किए, DIAL ने पुलिस को दी लिस्ट, 63 सोशल मीडिया हैंडल पर FIR दर्ज
Raisina News Desk- सितंबर 09, 2026 02:46 PM IST

दिल्ली एयरपोर्ट की संचालक कंपनी DIAL ने 63 सोशल मीडिया हैंडल के खिलाफ FIR दर्ज कराई है. आरोप है कि इन सोशल मीडिया अकाउंट्स ने दिल्ली एयरपोर्ट पर जलभराव के भ्रामक और गलत वीडियो पोस्ट शेयर किए. एक पोस्ट में दुबई एयरपोर्ट के पुराने जलभराव का वीडियो दिल्ली एयरपोर्ट का बताकर शेयर किया गया था.
दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) का कहना है कि ऐसी पोस्ट से यात्रियों में अनावश्यक डर और भ्रम पैदा हुआ. डायल ने लोगों से अपील की है कि एयरपोर्ट की स्थिति से जुड़ी सही जानकारी के लिए सिर्फ आधिकारिक चैनलों पर भरोसा करें.
दिल्ली एयरपोर्ट पर जलभराव के कई फर्जी वीडियो पोस्ट किए गए.
दरअसल, 4 सितंबर को भारी बारिश के कारण टर्मिनल-3 के अराइवल फोरकोर्ट में कुछ समय के लिए पानी जमा हुआ था. इस दौरान करीब 3 घंटे में 72.2 मिमी बारिश दर्ज हुई. एयरपोर्ट की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए भरे पानी को 20 मिनट में हटा दिया.
DIAL के अनुसार, बारिश और कुछ समय के लिए हुए जलभराव के समय एयरपोर्ट का संचालन प्रभावित नहीं हुआ और उड़ानें सुरक्षित तरीके से जारी रहीं.
दरअसल, दिल्ली-एनसीआर में उस समय मौसम काफी खराब था और जमकर बारिश हो रही थी. दिल्ली एयरपोर्ट इलाके में भी कई दिनों तक बारिश हुई, लेकिन 4 सितंबर को ज्यादा बारिश हो गई. इसके चलते एयरपोर्ट पर जलभराव की समस्या बन गई थी. जलभराव का पानी यात्रियों के बैठने वाले स्थान तक पहुंच गया. एयरपोर्ट के स्टाफ ने वाइपर तक से भरे हुए पानी को निकाला.
ये भी पढ़ें- दिल्ली एयरपोर्ट में भरा बारिश का पानी, IGI के टर्मिनल-3 पर जलभराव, पानी के बीच गुजरते दिखे यात्री