पार्टी धर्मेंद्र प्रधान के साथ मजबूती के साथ खड़ी है… शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर बोले BJP अध्यक्ष नितिन नवीन
Raisina News Desk- जुलाई 25, 2026 06:08 PM IST

शिक्षा मंत्री धर्मंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद से ही राजनीति में हलचल तेज है. एक तरफ विपक्ष से इसे अपनी जीत बता रही है तो वहीं सरकार इसे देशहित से जुड़ा एक फैसला बता रही है. बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने तो अब खुलकर धर्मेंद्र प्रधान का सर्मथन किया है. उनकी तरफ से कहा गया है कि बीजेपी पूरी मजबूती के साथ धर्मेंद्र प्रधान के साथ खड़ी है.
नितिन नबीन ने कहा कि बतौर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भारत की शिक्षा नीति को दिशा दिखाने में एक अहम योगदान दिया. उन्होंने ऐतिहासिक नेशनल एजुकेशन पॉलिसी को भी लागू किया. उनका इस प्रकार से इस्तीफा देना दिखता है कि सार्वजनिक जीवन में उन्होंने ईमानदारी के मानदंड कितने ऊंचे स्थापित किए हैं. पार्टी इस समय उनके साथ मजबूती से खड़ी है, उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं देती है.
जानकारी के लिए बता दें कि धर्मेंद्र प्रधान ने एक चिट्ठी के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना इस्तीफा सौंपा था। उस चिट्ठी में उन्होंने लिखा था, ‘मेरे युवा साथियों. मैं पिछले 4 दशकों से अधिक समय से छात्र, शिक्षक और शिक्षा सुधार के लिए समर्पित रहा हूं. मेरा सदैव यह विश्वास रहा है कि एक सशक्त, समावेशी और दूरदर्शी शिक्षा व्यवस्था ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला होती है. मैं देश के युवाओं की आकांक्षाओं, भावनाओं और उनकी न्यायोचित अपेक्षाओं का गहरा सम्मान करता हूं. भारत की युवा पीढ़ी के सपनों को साकार करना हम सभी के राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन का नैतिक संकल्प रहा है. आदरणीय प्रधानमंत्री जी के दूरदर्शी नेतृत्व में राष्ट्र की सेवा करने का जो अवसर मुझे प्राप्त हुआ उसके लिए मैं प्रधानमंत्री जी का आभार प्रकट करता हूं.’
प्रधान ने चिट्ठी में आगे लिखा कि जंतर-मंतर पर और देश में जो स्थिति बनी है. इस स्थिति का राष्ट्र विरोधी ताकतें लाभ ना उठाएं, देश की एकता बनी रहे, भारत के एक भी विद्यार्थी का भविष्य कानूनी पेचीदगियों में ना उलझे. हमारे बच्चे अपना समय पढ़ाई में लगाएं, करियर बनाने पर फोकस करें, इसी बात पर विचार करते हुए मैंने अपना त्यागपत्र माननीय प्रधानमंत्री जी को भेज दिया है. मैं आदरणीय प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन, विश्वास और निरंतर सहयोग के लिए हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त करता हूं.