पीएम मोदी बोले- बेड पर जाते ही 8 सेकेंड में आ जाती है नींद, सांसदों को नसीहत, फोन पर न करें अभद्रता
Raisina News Desk- अगस्त 05, 2026 03:38 PM IST

नई दिल्ली:
पीएम नरेंद्र मोदी ने आज राज्यसभा के एनडीए के नए सांसदों से मुलाकात की. नाश्ते पर हुई इस मुलाकात में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी शामिल थे. आम आदमी पार्टी, बीजेडी और टीएमसी दलों से शामिल होकर अब बीजेपी के टिकट पर चुने गए सांसदों के साथ पीएम मोदी ने मुलाकात की है. पीएम ने सांसदों से अपील की कि वो सदन में ज्यादा से ज्यादा समय दें. पीएम मोदी ने सभी सांसदों से मिलजुल कर काम करने को कहा है.
पीएम नरेंद्र मोदी ने सांसदों से अपील की कि वो दूसरे सांसदों के भाषणों को ध्यान से सुनें. उन्होंने कहा कि इससे काफी कुछ सीखने को मिलता है. पीएम मोदी ने कहा कि सबके साथ मिलजुल कर काम करें. उन्होंने सांसदों से सदन में 100 फीसदी उपस्थिति के लिए भी कहा. पीएम ने कहा कि सभी से सीखने की जरूरत है चाहे वह पक्ष के हों या विपक्ष के सांसद.
NDA के राज्यसभा सांसदों के साथ पीएम मोदी
पीएम मोदी ने सांसदों से अपनी दिनचर्या की बात करते हुए कहा कि उन्हें बेड पर जाते ही 8 सेकेंड के भीतर नींद आ जाती है. पीएम ने कहा कि वो महज तीन घंटे सोते हैं. पीएम मोदी ने Gen Z को लेकर कहा कि पहले आप उनको सुने फिर वो आपकी सुनेंगे.
पीएम मोदी के साथ बीजेपी चीफ नितिन नवीन
सांसदों के साथ करीब एक घंटे तक चली मुलाकात के दौरान पीएम मोदी ने सांसदों को हिदायत दी कि वो अपने लेटर पैड का दुरुपयोग नहीं होने दें. साथ ही वो फोन पर अभद्र व्यवहार ना करें और विपक्षी पार्टियों पर अपनी बात ना थोपें. इसी दौरान सांसद अशोक मित्तल ने पूछा कि पीएम इतने लोगों से मिलते हैं तो कैसे समय का ध्यान रखते हैं. इसपर पीएम मोदी ने कहा कि वो वर्तमान में जीते हैं. उन्होंने कहा कि मैं अभी आपके साथ हूं तो मैं किसी दूसरी चीज के बारे में नहीं सोचता हूं.
पीएम मोदी ने कहा कि वो जिस पल में रहते हैं उसी के बारे में सोचते हैं. जेटलैग से कैसे निपटते हैं, इस सवाल पर पीएम मोदी ने कहा कि जैसे ही वो प्लेन में बैठते हैं, जिस देश में गए थे उसी का वक्त लगा लेते हैं. इस तरह उनको कोई दिक्कत नहीं होती है.