रक्षाबंधन के दिन भाई की करंट से मौत, बहन ने शव को राखी बांधकर दी अंतिम विदाई; हर कोई रो पड़ा
Raisina News Desk- अगस्त 28, 2026 08:58 PM IST

हैदराबाद:
तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में एक युवक की रक्षाबंधन से पहले करंट लगने से मौत हो गई. एक तरफ बहन अपने भाई को राखी बांधने के लिए उत्साह में थी तो वहीं उसके प्यारे भाई की जान चली गई. परिवार में त्योहार के मौके पर यह दिल तोड़ देने वाला हादसा हुआ. अंत में बहन ने भाई को अंतिम विदाई देते हुए शव को ही राखी बांधी. 24 साल के जमालपुर नवीन की मौत उस वक्त हो गई, जब वह अपनी मटन की दुकान पर पावर सप्लाई को ठीक करने का प्रयास कर रहा था. कोई तकनीकी खामी होने के चलते लाइट चली गई थी. इसी को ठीक करने में नवीन जुटा था और इस दौरान उसे करंट लग गया. नवीन की चाटनपल्ली रेलवे गेट के पास शादनगर में मटन की दुकान थी.
शादनगर की नेहरू नगर कॉलोनी का रहने वाला नवीन बुधवार को अपने दुकान की लाइट ठीक कर रहा था. बिजली ठीक करने के दौरान ही उसे करंट लग गया था. वह मौके ही पर ही गिर पड़ा. पड़ोस में दुकान करने वाले कुछ लोगों ने तुरंत ही नवीन को पास एक अस्पताल में पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने इलाज से पहले ही मृत घोषित कर दिया. नवीन की इस तरह से मौत ने उसके परिवार, रिश्तेदारों और पड़ोस के सभी लोगों को दुखी कर दिया. रक्षाबंधन से ठीक पहले यूं भाई को अचानक खो देने से बहन भी बेहद दुखी थी.
अंत में बहन ने भाई की कलाई पर राखी बांधकर ही विदा किया. यह दृश्य जिसने भी देखा, उसकी आंखें नम हो गईं. नवीन को अब तक हर साल राखी बांधती आई बहन ने अंतिम संस्कार से ठीक पहले भी रस्म को कायम रखा और उसकी कलाई पर राखी बांधी. फर्क यह था कि अब तक भाई उसके लिए कुछ उपहार लाता था और अब भाई कभी न लौटने वाली राह पर निकल गया था. इस दृश्य ने अंतिम संस्कार में पहुंचे हर व्यक्ति की आंख को नम कर दिया. हर कोई दुखी था और इस तरह की अनहोनी में परिवार को ढांढस बंधा रहा था.