'सांस लेना मुश्किल था…', SpiceJet की फ्लाइट में AC खराब होने पर हंगामा, एयरलाइन बोली- सब ठीक था
Raisina News Desk- सितंबर 14, 2026 11:24 PM IST

दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रनवे पर खड़ी स्पाइसजेट की एक फ्लाइट में रविवार को गर्मी से बेहाल होना पड़ा. यात्रियों ने कहा कि दिल्ली से गोरखपुर जा रही स्पाइसजेट की फ्लाइट (SG2471) में अचानक एयर-कंडीशनर (AC) खराब हो गया. लगभग दो घंटे तक यात्रियों को बिना एसी के प्लेन के भीतर गर्मी में बैठाकर रखा गया.
यात्रियों का कहना है कि एसी नहीं चलने के कारण फ्लाइट के अंदर का माहौल इतना दमघोंटू हो गया कि किताबों से पंखा झलने लगे. हालांकि स्पाइसजेट की ओर से कहा गया है कि विमान का एयर-कंडीशनर पूरी तरह से चालू था.
यात्रियों का आरोप है कि प्लेन का एसी काम नहीं कर रहा था और उसमें से गर्म हवा निकल रही थी. बाहर की गर्मी और अंदर एसी बंद होने से केबिन भट्टी की तरह तपने लगा. यात्रियों के पास खुद को राहत देने का कोई जरिया नहीं था, तो वे अपनी-अपनी सीटों के सामने रखी किताबों और मैगजीन को ही पंखा बनाकर हवा झलने लगे.
विमान में सवार यात्री वीरेंद्र उपाध्याय ने इस खौफनाक अनुभव को बयां करते हुए बताया कि प्लेन में छोटे बच्चे और बुजुर्ग भी सवार थे. गर्मी इतनी भयानक थी कि बच्चे गर्मी से परेशान होकर जोर-जोर से रोने और चीखने लगे. हवा न मिलने के कारण यात्रियों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी और केबिन में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. वीरेंद्र का कहना है कि केबिन के अंदर पूरी तरह से सफोकेशन की स्थिति बन गई थी और यात्री पसीने से पूरी तरह भीग चुके थे.
जब केबिन के अंदर स्थिति बर्दाश्त से बाहर हो गई और यात्रियों का दम घुटने लगा, तो उन्होंने चालक दल से प्लेन का दरवाजा खोलने की मांग की. कोई रास्ता न देखकर कुछ यात्री जबरन विमान का दरवाजा खुलवाकर बाहर निकल आए और रनवे के पास आ गए.
यात्रियों के विरोध और लंबे इंतजार के बाद आखिरकार शाम करीब 5:50 बजे फ्लाइट ने दिल्ली से गोरखपुर के लिए उड़ान भरी. यात्री वीरेंद्र उपाध्याय ने बताया कि टेकऑफ करने के भी लगभग 30 मिनट बाद यानी हवा में जाने पर प्लेन का एसी सही तरीके से काम करना शुरू हुआ, तब जाकर यात्रियों ने राहत की सांस ली.
दूसरी तरफ, इस पूरे मामले पर स्पाइसजेट एयरलाइन का रुख अलग ही नजर आया. एयरलाइन ने अपने आधिकारिक बयान में एसी खराब होने की बात से साफ इनकार कर दिया. स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने कहा कि यह उड़ान ऑपरेशनल वजहों से देरी से रवाना हुई थी.
एयरलाइन का दावा है कि बोर्डिंग और इंतजार के दौरान विमान का एयर-कंडीशनर पूरी तरह से चालू था. यात्रियों को हुई परेशानी पर एयरलाइन ने कहा कि दिल्ली में उस समय के मौसम और तापमान के कारण कुछ यात्रियों को असुविधा महसूस हुई होगी.