सैकड़ों गाड़ियों का काफिला, पुलिस से नोकझोंक…पटना से प्रयागराज तक अनंत सिंह का भौकाल, बेटी की शादी में इनको किया इन्वाइट

सैकड़ों गाड़ियों का काफिला, पुलिस से नोकझोंक…पटना से प्रयागराज तक अनंत सिंह का भौकाल, बेटी की शादी में इनको किया इन्वाइट

बिहार के मोकामा से पूर्व विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह (छोटे सरकार) का शुक्रवार का प्रयागराज दौरा उत्तर प्रदेश और बिहार दोनों राज्यों की सुर्खियां बना हुआ है. अपनी बेटी शिवांगी की शादी का निमंत्रण देने निकले अनंत सिंह का यह दौरा किसी बड़े राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन से कम नहीं था. पटना से शुरू हुआ यह सफर प्रयागराज पहुंचते-पहुंचते एक विशाल जनसैलाब और गाड़ियों के रेले में तब्दील हो गया.

50 गाड़ियों से शुरू हुआ काफिला

अनंत सिंह जब पटना से अपनी बेटी की शादी का कार्ड देने के लिए रवाना हुए, तब उनके साथ करीब 50 लग्जरी गाड़ियों का काफिला था. लेकिन जैसे ही यह काफिला बिहार के विभिन्न जिलों से होते हुए उत्तर प्रदेश की सीमा में दाखिल हुआ, समर्थकों का हुजूम बढ़ता गया. चंदौली, रामगढ़ और वाराणसी आते-आते इस काफिले में सैकड़ों गाड़ियां जुड़ चुकी थीं. नेशनल हाईवे पर जहां तक नजर जा रही थी, सिर्फ अनंत सिंह के समर्थकों की गाड़ियां ही दिखाई दे रही थीं.

इस दौरान चंदौली जिले की सैयदराजा विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक सुशील सिंह से उन्होंने मुलाकात की और उन्हें शादी का कार्ड दिया. इस मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच बातचीत भी हुई. बाद में जब सुशील सिंह से अनंत सिंह के बारे में पूछा गया तो उन्होंने उनकी तारीफ करते हुए कहा कि अच्छे आदमी हैं और मजबूत आदमी हैं.

स्वागत में उतरीं JCB, बरसाए गए फूल

उत्तर प्रदेश के चंदौली और रामगढ़ में अनंत सिंह के स्वागत के लिए समर्थकों ने अनोखा तरीका अपनाया. बाहुबली नेता के स्वागत में हाईवे के किनारे कई जेसीबी (JCB) मशीनें खड़ी की गई थीं. जैसे ही अनंत सिंह की गाड़ी वहां से गुजरी, समर्थकों ने जेसीबी पर चढ़कर उनके ऊपर फूलों की भारी बारिश की. इस दौरान ‘छोटे सरकार जिंदाबाद’ के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा.

वाराणसी में पुलिस ने रोका काफिला, जमकर हुई नोकझोंक

इस यात्रा के दौरान सबसे बड़ा ड्रामा वाराणसी के डाफी टोल प्लाजा के पास देखने को मिला. सैकड़ों गाड़ियों के इस विशाल काफिले के कारण हाईवे पर सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और भारी पुलिस बल ने उन्हें रोक लिया.

काफिला रोके जाने से अनंत सिंह के समर्थक भड़क गए. पुलिस अधिकारियों और समर्थकों के बीच काफी देर तक तीखी बहस और नोकझोंक हुई. पुलिस का कहना था कि इतने बड़े काफिले के लिए पहले से कोई प्रशासनिक अनुमति नहीं ली गई थी, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हो रही थी. काफी देर की मशक्कत और मान-मनौव्वल के बाद काफिले को आगे बढ़ने दिया गया.

दोस्त पप्पू सलमान को दिया बेटी की शादी का कार्ड

रास्ते में स्वागत और वाराणसी में पुलिस द्वारा रोके जाने के कारण अनंत सिंह का काफिला काफी लेट हो गया था. वे तय समय से देरी से, रात लगभग 8:30 बजे प्रयागराज के सूबेदारगंज स्थित खेलगांव पहुंचे. यहां मौका था उनके 30 साल पुराने दोस्त और समाजवादी पार्टी के नेता पप्पू सलमान (सलमान अहमद) के बेटे एहराज के ‘दावत-ए-वलीमा’ (शादी का रिसेप्शन) का. जैसे ही अनंत सिंह स्टेज पर पहुंचे, पप्पू सलमान ने चांदी का मुकुट पहनाकर उनका शाही अंदाज में स्वागत किया. इस भावुक मुलाकात के दौरान अनंत सिंह ने दोस्ती का फर्ज निभाते हुए पप्पू सलमान को अपनी बेटी शिवांगी की शादी का निमंत्रण पत्र (कार्ड) सौंपा. कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वे रात में ही वापस पटना के लिए रवाना हो गए.

विपक्षी और बड़े नेताओं को भी कार्ड देने की तैयारी

मीडिया से बातचीत के दौरान जब विपक्षी नेताओं को बुलाने पर सवाल हुआ, तो अनंत सिंह ने स्पष्ट किया कि लालू परिवार से उनके पुराने और मजबूत पारिवारिक संबंध हैं, इसलिए वे राजद (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव को कार्ड देने उनके घर जाएंगे. उन्होंने कहा कि शादी पूरी तरह से एक पारिवारिक और व्यक्तिगत आयोजन है, इसलिए राजनीति से ऊपर उठकर पक्ष-विपक्ष के सभी प्रमुख मित्रों, मंत्रियों और रिश्तेदारों को आमंत्रित किया जा रहा है.

25 नवंबर को है अनंत सिंह की बेटी की शादी

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अनंत सिंह की बेटी की शादी 25 नवंबर 2026 को होनी है. शादी को लेकर बिहार के मोकामा स्थित उनके पैतृक गांव नदवां में तैयारियां चल रही हैं. शादी के निमंत्रण के लिए अलग-अलग लोगों और राजनीतिक हस्तियों से मुलाकात कर रहे हैं. अनंत सिंह बिहार की मोकामा विधानसभा सीट से विधायक हैं. उन्हें बिहार की राजनीति में ‘छोटे सरकार’ के नाम से भी जाना जाता है. मोकामा की राजनीति में उनका परिवार लंबे समय से प्रभाव रखता है. वह कई बार इस सीट से विधानसभा चुनाव जीत चुके हैं.

Prev Post
Next Post