BJP का टिकट चाहिए तो ड्रॉप बॉक्स में डाल आएं आवेदन, बंगाल में पार्टी का नया तरीका; लास्ट डेट भी बताई

BJP का टिकट चाहिए तो ड्रॉप बॉक्स में डाल आएं आवेदन, बंगाल में पार्टी का नया तरीका; लास्ट डेट भी बताई

कोलकाता:

भारतीय जनता पार्टी खुद को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी कहती है. भारत के कई राज्यों के साथ-साथ केंद्र में भी भाजपा की सरकार कई सालों से हैं. राजनीति में अपना करियर बनाने वाले ज्यादातर नेता भाजपा का टिकट पाना चाहते हैं. इस लोकप्रियता के बीच पहली बार बंगाल में सरकार बनाने वाली बीजेपी ने पार्टी टिकट के लिए एक अनोखा तरीका अपनाया है. बंगाल में यदि बीजेपी का टिकट चाहिए तो आप अपना आवेदन ड्रॉप बॉक्स में डाल सकते हैं. पार्टी ने यह प्रक्रिया राज्य में कुछ दिनों बाद होने वाले नगर निकाय चुनाव के लिए किया है.   

बंगाल के हावड़ा और कोलकाता में होना है नगर निकाय चुनाव

दरअसल बंगाल के हावड़ा और कोलकाता में कुछ दिनों बाद नगर निकाय चुनाव होना है. इस चुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवार बनने के इच्छुक लोग 26 अक्टूबर तक आवेदन जमा कर सकते हैं. आवेदन कोलकाता के उत्तर क्षेत्र स्थित मुरलीधर सेन लेन में पार्टी कार्यालय में रखे गए ड्रॉप बॉक्स में जमा किए जा सकते हैं.

केंद्रीय मंत्री ने कहा- 26 अक्टूबर तक जमा करें आवेदन

केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा कि कोलकाता और हावड़ा नगर निकाय चुनावों के लिए इच्छुक उम्मीदवार 26 अक्टूबर को शाम 5 बजे तक अपने आवेदन जमा कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों के चयन में उनकी जनछवि (पब्लिक इमेज) को प्राथमिकता दी जाएगी. मजूमदार ने बताया कि पार्टी विविध प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों से भी आवेदन मांग रही है.

नगर निकाय चुनाव की घोषणा के 3 दिन बाद प्रत्याशियों की लिस्ट 

कोलकाता नगर निगम (KMC) चुनावों के लिए भाजपा के प्रभारी मंत्री ने कहा कि पार्टी नगर निकाय चुनावों की घोषणा के तीन दिन के भीतर उम्मीदवारों की सूची जारी कर देगी. इससे पहले मजूमदार ने राज्य के विकास में भागीदारी के लिए प्रमुख हस्तियों से राजनीति में आने की अपील की थी.

NCPI से गठबंधन पर केंद्रीय मंत्री ने दिया जवाब

NCPI के साथ संभावित गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा केएमसी की सभी 209 सीटों पर चुनाव लड़ेगी. हालांकि उन्होंने आगामी चुनावों में एनसीपीआई के साथ किसी समझौते की संभावना से इनकार नहीं किया. उन्होंने कहा, “कुछ भी असंभव नहीं है, लेकिन फिलहाल किसी गठबंधन की कोई खबर नहीं है.”

ममता के 20 बागी सांसदों के जुड़ने से बंगाल में बढ़ा NCPI का कद

गौरतलब है कि अपेक्षाकृत कम चर्चित राजनीतिक संगठन एनसीपीआई, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी की हार के बाद तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के 20 सांसदों के अलग होने के बाद राज्य की राजनीति में एक नए खिलाड़ी के रूप में उभरी थी. बाद में इन सांसदों ने केंद्र में भाजपा नीत NDA को समर्थन दिया.

कठिन समय में साथ देने वालों को प्राथमिकता

बालुरघाट से सांसद मजूमदार ने दोहराया कि, “नगर निकाय चुनावों की घोषणा के तीन दिनों के भीतर पार्टी उम्मीदवारों की सूची सार्वजनिक कर दी जाएगी.” उन्होंने यह भी कहा कि उम्मीदवारों के चयन के दौरान उन कार्यकर्ताओं और नेताओं को प्राथमिकता दी जाएगी, जिन्होंने कठिन समय में पार्टी का साथ दिया है.

यह भी पढे़ं – UCC के लिए क्या उत्तराखंड,गुजरात और असम की राह पर बढ़ेगा बंगाल, BJP के लिए कितना बड़ा है मुद्दा



Prev Post
Next Post