नीतीश कुमार ‘INDIA’ गठबंधन से निकलने का रास्ता तलाश रहे थे… सोनिया गांधी के दावे पर JDU ने किया सवाल

नीतीश कुमार ‘INDIA’ गठबंधन से निकलने का रास्ता तलाश रहे थे… सोनिया गांधी के दावे पर JDU ने किया सवाल

कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी की किताब बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव लगातार चर्चा में है. इस किताब में उन्होंने कई राजनेताओं से जुड़े पहलुओं का जिक्र किया है, इसमें बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी शामिल हैं. कुछ दिनों पहले बाजार में आई किताब में नीतीश कुमार का जिक्र बिहार की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या नीतीश INDIA गठबंधन में रहते हुए ही उससे बाहर निकलने का रास्ता तलाश रहे थे? क्या गठबंधन छोड़ने का फैसला अचानक था या फिर इसकी पटकथा पहले ही तैयार हो चुकी थी?

इस पूरे मामले में जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) की ओर से प्रतिक्रिया आई है. पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा का बयान भी काफी अहम है, साथ ही यह भी सवाल किया कि सोनिया को इस मसले पर भी अपनी बात रखनी चाहिए कि उन्होंने गठबंधन का साथ क्यों छोड़ा. लेकिन इससे पहले यह समझना जरूरी है कि सोनिया ने अपनी किताब में नीतीश कुमार को लेकर वास्तव में क्या लिखा है और उस वक्त विपक्षी दलों के INDIA गठबंधन के भीतर किस तरह की राजनीतिक परिस्थितियां बनी हुई थी.

‘INDIA’ से निकलने का मौका तलाश रहे थे नीतीश कुमार

सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण में बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव में नीतीश कुमार और INDIA गठबंधन के गठन से लेकर उनके गठबंधन छोड़ने तक की राजनीतिक घटनाओं का जिक्र है. सोनिया गांधी ने अपनी किताब में दावा है कि नीतीश कुमार INDIA गठबंधन से बाहर निकलने का मौका तलाश रहे थे. वह बीजेपी के प्रभाव या उसके नियंत्रण में थे.

नीतीश कुमार ने सभी को चौंकाते हुए जनवरी 2024 में विपक्षी गठबंधन छोड़कर बीजेपी के नेतृत्व वाले NDA में वापसी कर ली. सोनिया की टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति करते हुए संजय कुमार झा ने कहा कि INDIA गठबंधन की नींव खुद नीतीश कुमार ने ही रखी थी. नीतीश ने पूरे देश का दौरा कर विपक्षी दलों को एक मंच पर लाने का काम किया था. यहां तक गठबंधन की पहली बैठक पटना में हुई थी.

नीतीश देश के सबसे अविश्वसनीय और कमजोर नेताः RJD

कांग्रेस के बारे में उन्होंने आगे कहा कि गठबंधन में कई विपक्षी दल कांग्रेस को साथ रखने के पक्ष में नहीं थे, लेकिन नीतीश कुमार ने ही कांग्रेस को गठबंधन में शामिल रखने की वकालत की थी. झा ने सवाल उठाया कि सोनिया गांधी को यह भी बताना चाहिए कि आखिर ऐसी कौन-सी परिस्थितियां बनीं कि नीतीश कुमार को गठबंधन छोड़ना पड़ा.

अब इस विवाद में राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) की भी एंट्री हो गई है. आरजेडी के मुख्य प्रवक्ता शक्ति यादव ने सोनिया गांधी की किताब का समर्थन करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी किताब में जो कुछ भी लिखा है, वह पूरी तरह सच है. शक्ति यादव ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए उन्हें देश के सबसे अविश्वसनीय, कमजोर और अनइंटरेस्टेड नेताओं में से एक बताया.

इसी मसले पर बीजेपी के प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल का कहना है कि सोनिया गांधी अपने किताब में झूठ बोल रही हैं. नीतीश कुमार एक मजबूत नेता हैं ना की कमजोर.

Prev Post
Next Post