खरगे के 'खुशियों की ईद' वाले बयान पर पवन खेड़ा ने दी सफाई, 'ईद' शब्द का अर्थ…'
Raisina News Desk- नवंबर 09, 2026 10:38 PM IST
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के ‘खुशियों की ईद’ वाले बयान पर BJP के हमले के बाद कांग्रेस ने सफाई दी है. कांग्रेस सांसद और प्रवक्ता पवन खेड़ा ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) को बौद्धिक रूप से दिवालिया बताते हुए मल्लिकार्जुन खरगे के बयान का बचाव किया और कहा कि ‘ईद’ शब्द का शाब्दिक अर्थ ‘त्योहार’ होता है.
उन्होंने कहा कि ऐसा लोगों से कैसे निपटा जाए, जो बौद्धिक रूप से इतने दिवालिया हो चुके हैं. ईद एक सामान्य टर्म है, जैसे त्योहार के सामान्य शब्द है और इसका मतलब त्योहार होता है.
न्यूज एजेंसी पीटीआई से बातचीत में उन्होंने कहा, ‘जैसे होली का त्योहार, दिवाली का त्योहार होता है, उसी तरह से अगर आप बात करें दक्खन की भाषा का, जहां से मल्लिकार्जुन खरगे आते हैं और जहां दक्खनी भाषा बोली जाती है, अगर वे समझते कि दक्खनी भाषा कैसी बोली जाती है, तब उन्हें ये समझ में आ जाता कि उन्होंने असल में क्या कहा है, लेकिन इस पार्टी की मानसिक संकीर्णता को देखिए कि वो इसे लेकर बैठे हैं.’
BJP नेता अपने फोन पर ईद का मतलब पता कर लें- पवन खेड़ा
वहीं, ANI से बातचीत में कांग्रेस के प्रवक्ता और सांसद पवन खेड़ा ने कहा, ‘क्या BJP में किसी के पास भी कोई डिक्शनरी है? मुझे यकीन है कि उनके पास नहीं होगा, लेकिन उनके पास मोबाइल तो है, क्या वे गूगल करके ईद का मतलब जान सकते हैं. ईद का मतलब त्योहार होता है, जैसे दिवाली का त्योहार और होली का त्योहार होता है, वैसे ही ईद का मतलब त्योहार होता है. मल्लिकार्जुन खरगे का कहने का यही मतलब था, लेकिन सरकार में बैठे ये अशिक्षित, अज्ञानी और बेवकूफ लोग इसका मतलब कभी नहीं समझ पाएंगे.’
राहुल गांधी और पीएम मोदी के बहस को लेकर क्या बोले?
उन्होंने कहा, ‘मल्लिकार्जुन खरगे के भाषण और कांग्रेस के बयानों पर अपना समय बर्बाद करने के बजाय उन्हें अपना आधा समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पढ़ाने और उन्हें राहुल गांधी के साथ होने वाली बहस के लिए तैयार करने में लगाना चाहिए, क्योंकि वो बहस देखने लायक होगी.’
इस दौरान जब पवन खेड़ा से पूछा गया कि क्या सच में ऐसा होने वाला है, तो उन्होंने कहा, ‘उन्हें करना ही होगा. क्या वे राहुल गांधी के साथ बहस करने से इतने डरते हैं? अगर ऐसा है, तो उन्हें साफ-साफ कह देना चाहिए कि हम डरपोक हैं और राहुल गांधी के साथ बहस नहीं कर सकते हैं.’