Amazon, Flipkart और ONDC तक पहुंचा दिल्ली के छोटे कारोबारियों का कारोबार, सिरसा की पहल से बदली तस्वीर
Raisina News Desk- नवंबर 14, 2026 06:57 PM IST
उद्योग मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा.Image Credit source: Facebook
दिल्ली में छोटे और सूक्ष्म कारोबारियों को बड़े बाजारों से जोड़ने और उनके कारोबार को बढ़ावा देने के लिए उद्योग मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा की पहल पर चलाए जा रहे प्रशिक्षण अभियान के तहत अब तक 450 कार्यशालाएं आयोजित की जा चुकी हैं. इन कार्यशालाओं में करीब 20 हजार उद्यमियों ने हिस्सा लिया है, जबकि 600 छोटे उद्यमों को विभिन्न ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है. सरकार का लक्ष्य जनवरी 2027 तक कुल 824 प्रशिक्षण कार्यशालाएं पूरी करने का है.
उद्योग मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने शनिवार को दिल्ली राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (DSIIDC) के कार्यों की समीक्षा के दौरान कार्यक्रम की प्रगति का जायजा लिया.
उन्होंने कहा कि बवाना या संगम विहार में एक कमरे से कारोबार चलाने वाले छोटे उद्यमी को भी बाजार, ऋण और व्यावसायिक मार्गदर्शन के वही अवसर मिलने चाहिए, जो बड़ी कंपनियों को मिलते हैं. सरकार का प्रयास है कि ये सुविधाएं छोटे कारोबारियों तक उनके कार्यस्थल पर पहुंचाई जाएं, ताकि वे अपने कारोबार का विस्तार कर सकें.
केंद्र सरकार की रैंप (RAMP) योजना के तहत 25 जून से 13 नवंबर 2026 के बीच दिल्ली के 28 स्थानों पर ये कार्यशालाएं आयोजित की गईं. इनमें कुल 19,931 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। बवाना, नरेला, ओखला, मुंडका, नांगलोई, जहांगीरपुरी और संगम विहार समेत कई औद्योगिक और रिहायशी इलाकों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए.
प्रशिक्षण लेने वालों में 3,906 महिला उद्यमों से जुड़े प्रतिभागी शामिल रहे. इसके अलावा अनुसूचित जाति वर्ग के 2,191, अनुसूचित जनजाति वर्ग के 273 और दिव्यांगजनों द्वारा संचालित उद्यमों से जुड़े 334 प्रतिभागियों ने भी प्रशिक्षण प्राप्त किया. कार्यशालाओं में वित्तीय प्रबंधन, आपूर्ति श्रृंखला, साइबर सुरक्षा, पर्यावरण और महिला उद्यमिता के साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उत्पाद बेचने की जानकारी दी गई.
सरकार की इस पहल के तहत अब तक 600 उद्यमों को ऑनलाइन बाजार से जोड़ा जा चुका है. इनमें 244 उद्यम ओएनडीसी (ONDC), 17 सरकारी ई-मार्केटप्लेस (GeM), 44 फ्लिपकार्ट और 10 अमेजन से जुड़े हैं. वहीं, 285 उद्यम मीशो, जियोमार्ट, इंस्टामार्ट और ब्लिंकिट जैसे निजी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पहुंचे हैं. इसका उद्देश्य छोटे कारोबारियों को स्थानीय बाजारों के साथ देशभर के ग्राहकों तक पहुंच उपलब्ध कराना है.
इस पहल से जुड़े कारोबारियों को भी फायदा मिल रहा है. ‘हनीवाली’ ब्रांड के तहत शहद बेचने वाली प्रवीण गोला ने बताया कि पहले वह सोशल मीडिया के जरिए अपने उत्पाद बेचती थीं, लेकिन प्रशिक्षण के बाद उन्होंने अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी पंजीकरण कराया और एक बड़ा थोक ऑर्डर हासिल किया.
मिलेट से कुकीज और सत्तू के लड्डू बनाने वाली तराशा कौर को वित्तीय प्रबंधन और लेखा-जोखा संबंधी प्रशिक्षण से बड़े ऑर्डर संभालने में मदद मिली है. वहीं, घर से अचार, पापड़ और नमकीन का कारोबार चलाने वाली नवकम एंटरप्राइज की कामिनी पाठक ने प्रशिक्षण के बाद अपने कारोबार को ऑनलाइन ले जाने की दिशा में कदम बढ़ाया है. अब वह दूसरी महिला उद्यमियों के साथ भी प्रशिक्षण में मिली जानकारी साझा कर रही हैं.
कार्यशालाओं के दौरान कारोबारियों ने ऋण योजनाओं की जानकारी नहीं मिलने, वित्तीय सहायता हासिल करने में परेशानी, सीमित बाजार और लाइसेंस व प्रमाणन से जुड़ी प्रक्रियाओं में मार्गदर्शन की कमी जैसी समस्याएं बताई हैं. इसे देखते हुए प्रशिक्षण में वित्तीय अनुशासन, कारोबार के लिए नए बाजार तलाशने और केंद्र व दिल्ली सरकार की योजनाओं की जानकारी देने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.
उल्लेखनीय है कि दिल्ली में उद्यम पोर्टल पर 12.64 लाख उद्यम पंजीकृत हैं. उद्योग मंत्री सिरसा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य ऐसा व्यावसायिक माहौल तैयार करना है, जहां घर से कारोबार करने वाले उद्यमी भी देशभर के बाजारों तक पहुंच सकें. छोटे और सूक्ष्म उद्यमों को मजबूत बनाना दिल्ली को निवेश और औद्योगिक विकास का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में अहम कदम है.