पूरी ताकत लगाने के बाद भी अब परिसीमन बिल को नहीं रोक पाएगी कांग्रेस? समझिए आंकड़ों का खेल

पूरी ताकत लगाने के बाद भी अब परिसीमन बिल को नहीं रोक पाएगी कांग्रेस? समझिए आंकड़ों का खेल

मोदी सरकार संसद के अगले सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े बिल पेश कर सकती है. बुधवार को हुई कैबिनेट बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसके संकेत भी दिए. सरकार इस बार बिल को पास कराने के लिए पूरी तैयारी में जुटी है. बुधवार को ही एनसीपी (शरद) के सांसद सुप्रिया सुले ने बिल पर सरकार को समर्थन देने का संकेत दिया. सुप्रिया सुले के सरकार के साथ आने के संकेत के बाद बिल को लेकर सरकार की स्थिति और मजबूत मानी जा रही है.

बिल को लेकर सुप्रिया सुले ने क्या कहा है?

पत्रकारों से बात करते हुए सुप्रिया सुले ने कहा कि इस बिल की कॉपी मुझे मिलेगी तब मैं बात करूंगी. हो सकता है कि बिल में कुछ अच्छा हो. सुप्रिया ने आगे कहा कि देशहित में बिल का समर्थन किया जा सकता है. उन्होंने इस दौरान देशहित में सभी दलों से एकजुट होकर साथ आने की अपील भी की.

सुप्रिया के समर्थन के संकेत ने आंकड़ों के मामले में सरकार का आत्मविश्वास बढ़ा दिया है. सुप्रिया अगर बिल का समर्थन करती है तो कांग्रेस पूरी ताकत झोंकने के बाद भी इसे पास होने से रोक नहीं पाएगी.

आंकड़ों का पूरा खेल ऐसे समझिए

अप्रैल 2026 में जब यह बिल लोकसभा में लाया गया था, तब 528 सांसदों ने मतदान किया था. लोकसभा में कुल 543 सांसद थे. यानी करीब 15 सांसद वोटिंग के दौरान अनुपस्थित रहे.

बिल पर मतदान के दौरान सरकार के पक्ष में 298 और विपक्ष में 230 वोट पड़े थे. सरकार बिल पास कराने के लिए जरूरी 352 वोटों के आंकड़े से 54 वोट पीछे रह गई थी. वहीं, बिल को पास होने से रोकने के लिए विपक्ष को 177 वोटों की जरूरत थी, लेकिन उसे 53 वोट ज्यादा मिले.

7 महीने बाद कैसे बदल गए समीकरण?

अब 7 महीने बाद केंद्र सरकार लोकसभा में बिल पास कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा जुटाने की स्थिति में नजर आ रही है. कैसे, इसे 2 पॉइंट में समझिए-

1. एनडीए को मिल सकता है 354 सांसदों का समर्थन

केंद्र में एनडीए की सरकार है. संख्या के लिहाज से बिल पास कराने के लिए एनडीए को 360 सांसदों के समर्थन की जरूरत है. इस वक्त एनडीए के पास 320 सांसद हैं. यानी उसे 40 सांसदों की कमी है.

DMK और NCP (शरद पवार) ने बिल के समर्थन के संकेत दिए हैं. दोनों दलों के पास कुल 30 सांसद हैं. वहीं, YSR कांग्रेस भी बिल का समर्थन कर सकती है. पार्टी के पास 4 सांसद हैं. इस तरह इन दलों का समर्थन मिलने पर बिल के पक्ष में एनडीए के पास कुल 354 सांसदों का समर्थन हो सकता है.

2. विपक्ष के पास बिल रोकने के लिए जरूरी संख्या नहीं

एनडीए की एक कोशिश यह भी है कि विपक्ष को बिल रोकने के लिए जरूरी 181 वोट न मिल पाएं. इसी रणनीति के तहत अब तक विपक्ष के 57 सांसदों को अपने पाले से बाहर करने में एनडीए कामयाब रही है.

इनमें TMC के 20, DMK के 22, शिवसेना (उद्धव गुट) के 6 और NCP (शरद पवार) के 8 सांसद शामिल हैं. इसके अलावा श्रीनगर से नेशनल कॉन्फ्रेंस के एक सांसद इस्तीफा दे चुके हैं. इस तरह INDIA खेमे में अब सिर्फ 171 सांसद रह गए हैं.

3. फिर भी क्षेत्रीय पार्टियों को साध रही है सरकार

इसके बावजूद सरकार मजबूत क्षेत्रीय पार्टियों को साध रही है. पिछले दिनों संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजीजू ने एक इंटरव्यू में कहा कि हमने सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव से बिल को लेकर बात की है. उनके डिसेंट को नोट किया गया है. सरकार की कोशिश बिल को सर्वसम्मति से पास कराने की है. हम इसी की तैयारी कर रहे हैं.

अखिलेश यादव जातीय जनगणना के बाद इसे लागू कराने के पक्ष में हैं. इसके अलावा उनका कहना है कि महिला बिल पीडीए की भी हिस्सेदारी हो.

राज्यसभा में भी मजबूत स्थिति

राज्यसभा में कुल 243 सांसद हैं. दो-तिहाई बहुमत के लिहाज से 162 सांसदों की जरूरत होगी. इस वक्त एनडीए के पास 152 सांसद हैं, जबकि विपक्ष के पास 62 सांसद हैं. वहीं, INDIA गठबंधन के पूर्व सहयोगी DMK के पास 8 और NCP (शरद पवार) के पास 1 सांसद हैं.

अगर ये 9 सांसद बिल का समर्थन करते हैं, तो एनडीए को बहुमत के आंकड़े तक पहुंचने के लिए सिर्फ 1 और सांसद की जरूरत होगी, जिसे सरकार आसानी से पूरा कर सकती है. यानी राज्यसभा में भी बिल के पास होने में सरकार को कोई खास कठिनाई नहीं दिखती.

परिसीमन और महिला बिल क्या है?

परिसीमन बिल पास कराने का मकसद लोकसभा में सीटों की संख्या बढ़ाना है. सरकार की कोशिश लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर 850 करने की है. इसके लिए 50 प्रतिशत बढ़ोतरी का फॉर्मूला अपनाया गया है. यानी हर राज्य में लोकसभा की मौजूदा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत का इजाफा किया जाएगा.

मसलन यूपी में इस वक्त लोकसभा की 80 सीट है, इसे बढ़ाकर 120 किया जाएगा. इसके अलावा, सरकार लोकसभा की कुल सीटों में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देना चाहती है.

Prev Post
Next Post

लेटेस्ट न्यूज़