नोएडा में फर्जी कॉल सेंटर का खुलासा: 164 विदेशी कराए गए मुक्त, पीड़ितों में इंडोनेशियाई और मलयेशियाई नागरिक

नोएडा में फर्जी कॉल सेंटर का खुलासा: 164 विदेशी कराए गए मुक्त, पीड़ितों में इंडोनेशियाई और मलयेशियाई नागरिक

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी, मानव तस्करी और साइबर स्लेवरी के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। दिल्ली पुलिस की इंटर स्टेट सेल ने नोएडा के सेक्टर-136 में चल रहे फर्जी कॉल सेंटर में छापा मारकर 164 विदेशी नागरिकों को अवैध बंधन से मुक्त कराया है। इनमें 92 इंडोनेशियाई और 72 मलयेशियाई नागरिक शामिल हैं। यहां विदेशी नागरिकों को बंधक बनाकर फर्जी निवेश और ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के जरिये लोगों से ठगी कराई जा रही थी। क्राइम ब्रांच की टीम ने एक मलयेशियाई नागरिक तन गुआन वेई को गिरफ्तार किया है।


पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने विदेशी नागरिकों को भारत में अच्छी नौकरी और ज्यादा वेतन दिलाने का लालच देकर बुलाया था। यहां उनके पासपोर्ट जब्त कर उन्हें जबरन बंधक बना लिया गया और साइबर ठगी के काम में लगा दिया गया। बंधक बनाए गए विदेशियों की उम्र 19 से 24 साल के बीच है।

संयुक्त पुलिस आयुक्त (क्राइम) सुरेंद्र कुमार ने बताया कि ऑपरेशन के दौरान 355 मोबाइल फोन, 168 डेस्कटॉप, 26 लैपटॉप, 53 सिम कार्ड और 174 पासपोर्ट बरामद किए गए हैं। बरामद मोबाइल फोन में 335 पुराने और 20 नए सीलबंद फोन शामिल हैं। वहीं, 53 सिम कार्ड में 31 विदेशी और 22 भारतीय सिम कार्ड हैं। जांच में जेंटट्रिक्स और क्वांटवोरो जैसे फर्जी निवेश प्लेटफॉर्म और एपीके आधारित एप्लिकेशन के इस्तेमाल की बात सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, इस नेटवर्क में भारतीय हैंडलर सुनील कुमार और सुशील कुमार की भूमिका भी सामने आई है। उनके बैंक खातों का इस्तेमाल नेटवर्क के किराये और अन्य खर्चों के लिए किए जाने की आशंका है। इस मामले में क्राइम ब्रांच थाने में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब नेटवर्क के अन्य सदस्यों, वित्तीय लेन-देन और ठगी के शिकार लोगों की पहचान करने में जुटी है।

Prev Post
Next Post