केंद्र सरकार ने परिसीमन और इससे जुड़े महिला आरक्षण विधेयक को पारित कराने की तैयारी पूरी कर ली है। माना जा रहा है कि 30 नवंबर को जब लोकसभा के विशेष सत्र की कार्यवाही शुरू होगी तभी एनडीए के घटक दल इसे बहस के बाद पारित कराने पर जोर देना शुरू कर देंगे। हालांकि, इसे पारित कराने के लिए एनडीए का ही संख्याबल पूरा नहीं पड़ेगा। बल्कि कुछ ऐसे दलों का साथ भी चाहिए होगा, जिन्होंने अप्रैल में परिसीमन विधेयक का समर्थन नहीं किया था। ताजा तौर पर देखा जाए तो सात महीने के अंदर कई दलों ने अपने रुख में बदलाव दर्शाया है। इनमें दो सबसे बड़े नाम- राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी- शरदचंद्र पवार (राकांपा-एसपी) और द्रविड़ मुनेत्र कझगम (द्रमुक) का है।
इन दोनों दलों में भी द्रमुक के रुख में नरमी आना और परिसीमन को समर्थन देना अपने आप में चौंकाने वाला है। दरअसल, परिसीमन विधेयक को लेकर एमके स्टालिन के नेतृत्व वाला दल सबसे ज्यादा मुखर रहा था। अप्रैल में जब केंद्र सरकार इस विधेयक को पारित नहीं करा पाई थी तो उसके पीछे द्रमुक का बाकी विपक्षी दलों के साथ इसके खिलाफ वोट करना बड़ी वजह बना। हालांकि, अब इस रुख में परिवर्तन को लेकर कई बड़ी वजहें सामने आई हैं।
पहले जानें- क्या बोले एमके स्टालिन?
“डीएमके निष्पक्ष परिसीमन की मांगों को शामिल करने वाले इस विधेयक का समर्थन करती है। जिन दो मांगों को लेकर हमने पिछले अप्रैल में परिसीमन विधेयक का विरोध किया था, उन्हें नए विधेयक में लिखित रूप में शामिल कर लिया गया है। यह 2024 से द्रमुक द्वारा किए जा रहे निरंतर संघर्षों की जीत है! यह तमिलनाडु सहित सभी दक्षिणी राज्यों की जीत है!”
स्टालिन ने आगे कहा, “इन सभी पहलुओं की गहन जांच करने के बाद, द्रमुक ने आज हुई अपने सांसदों की बैठक में इस रूप में परिसीमन का समर्थन करने का निर्णय लिया है, जो व्यवहार में संभव है और हमारे लिए लाभकारी भी है।”