सीए बनने में कितने साल लगते हैं? 12वीं पास वाले पहली बार में क्रैक कर सकते हैं एग्जाम

सीए बनने में कितने साल लगते हैं? 12वीं पास वाले पहली बार में क्रैक कर सकते हैं एग्जाम

नई दिल्ली (CA after 12th). 12वीं पास करने के बाद चार्टर्ड अकाउंटेंसी का जलवा सबसे ज्यादा रहता है. अक्सर स्टूडेंट्स के मन में सवाल आता है कि 12वीं के बाद सीए बनने में कितना समय लगेगा और इसकी शुरुआत कैसे करें? अगर सब पहली ही कोशिश में सही तरीके से निकल जाए तो 12वीं के बाद सीए बनने में 4.5-5 साल लगेंगे. इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) का सीए कोर्स सिर्फ कॉमर्स बैकग्राउंड वालों के लिए नहीं है. यह साइंस और आर्ट्स वालों के लिए भी बेहतरीन करियर ऑप्शन है.

सीए का सफर सिर्फ किताबें रटने का नहीं, बल्कि प्रैक्टिकल नॉलेज और धैर्य का भी टेस्ट है. ICAI की नई शिक्षा नीति के तहत सीए कोर्स में बदलाव किया गया है. इसमें आर्टिकलशिप की अवधि को घटाने से लेकर प्रैक्टिकल ट्रेनिंग के तरीकों में कई बदलाव किए गए हैं. क्या आप 12वीं के बाद देश के सबसे प्रतिष्ठित और शानदार करियर की तलाश में हैं? अगर हां तो जानिए सीए कोर्स की पूरी प्रक्रिया. साथ ही यह भी समझ लीजिए कि सीए कोर्स देश के सबसे कठिन कोर्सेस की लिस्ट में शामिल है.

12वीं के बाद सीए बनने में कितने साल लगेंगे?

सीए परीक्षा देश की सबसे कठिन परीक्षाओं की लिस्ट में शामिल है. 12वीं के बाद सीए बनने की ड्यूरेशन आपकी तैयारी और रिजल्ट पर निर्भर करती है. कुछ बेहद होनहार स्टूडेंट्स सीए परीक्षा के पहले ही अटेंप्ट में इसे क्रैक कर लेते हैं. वहीं कुछ को कई सालों का वक्त लग जाता है.

सीए फाउंडेशन पास करना है पहला पड़ाव

12वीं की बोर्ड परीक्षा देने के बाद स्टूडेंट्स को ICAI के साथ सीए फाउंडेशन रूट के तहत रजिस्ट्रेशन कराना होता है. इसके बाद कम से कम 4 महीने का अनिवार्य स्टडी पीरियड मिलता है. सीए फाउंडेशन परीक्षा साल में 3 बार (जनवरी, मई/जून और सितंबर) होती है. इसमें 4 पेपर होते हैं- अकाउंटिंग, लॉ, क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड और बिजनेस इकोनॉमिक्स. यह लेवल पार करने के बाद अगले चरण में एंट्री करते हैं.

दूसरा पड़ाव: सीए इंटरमीडिएट और ITT/OTSS ट्रेनिंग

सीए फाउंडेशन क्लियर करने के बाद सीए इंटरमीडिएट में एंट्री मिलती है. सीए इंटरमीडिएट की पढ़ाई के लिए कम से कम 8 महीने का स्टडी पीरियड जरूरी है. इसमें कुल 6 पेपर होते हैं. इन्हें दो ग्रुप्स में बांटा गया है. इसके साथ ही, अगला चरण यानी आर्टिकलशिप शुरू करने से पहले ICAI की तरफ से संचालित सॉफ्ट स्किल्स (ICITSS) और इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (IT) की प्रैक्टिकल ट्रेनिंग पूरी करनी होती है.

तीसरा पड़ाव: 2 साल की अनिवार्य आर्टिकलशिप

सीए इंटरमीडिएट के दोनों ग्रुप्स पास करने के बाद सबसे अहम दौर शुरू होता है- आर्टिकलशिप. नए ICAI नियमों के तहत प्रैक्टिकल आर्टिकलशिप की अवधि 3 साल से घटाकर 2 साल कर दी गई है. इस दौरान किसी अनुभवी चार्टर्ड अकाउंटेंट की फर्म में रहकर ऑडिटिंग, टैक्स फाइलिंग और कॉर्पोरेट लॉ का प्रैक्टिकल ज्ञान हासिल करना होता है. आर्टिकलशिप के दौरान ही इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग का अनुभव भी मिलता है.

सीए फाइनल है अंतिम पड़ाव

2 साल की आर्टिकलशिप सफलतापूर्वक पूरी करने और तय एडवांस आईटी ट्रेनिंग के बाद ‘सीए फाइनल’ परीक्षा में बैठने के योग्य हो जाते हैं. सीए फाइनल में भी 6 विषय (दो ग्रुप) होते हैं. इनमें एडवांस्ड फाइनेंशियल रिपोर्टिंग, स्ट्रेटेजिक फाइनेंशियल मैनेजमेंट और एडवांस्ड ऑडिटिंग जैसे विषय शामिल हैं. सीए फाइनल के दोनों ग्रुप क्लियर करने के बाद ICAI की मेंबरशिप मिलते ही चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) बन जाते हैं.

सीए बनने में कितने साल लगते हैं?

12वीं के बाद सीए (चार्टर्ड अकाउंटेंट) बनने में 4.5 से 5 साल लगते हैं. यह इस पर निर्भर करता है कि आप फाउंडेशन रूट से जा रहे हैं या डायरेक्ट एंट्री रूट से और कितनी बार में एग्जाम क्लियर करते हैं. इसमें सीए फाउंडेशन, सीए इंटरमीडिएट, ICAI के नए नियमों के तहत 2 साल की अनिवार्य प्रैक्टिकल आर्टिकलशिप और सीए फाइनल की परीक्षा शामिल होती है. अगर आप हर चरण को पहली कोशिश में ही पास कर लेते हैं तो लगभग 4.5 साल में अपनी पढ़ाई पूरी करके रजिस्टर्ड सीए बन सकते हैं.

Prev Post
Next Post