सूर्यकिरण XX: भारत-नेपाल के सैनिकों ने ली हथियारों की ट्रेनिंग, किया संयुक्त अभ्यास
Raisina News Desk- नवंबर 27, 2026 02:05 AM IST
भारत और नेपाल की सेनाओं के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘सूर्यकिरण XX’ के दूसरे दिन हथियारों की ट्रेनिंग, सामरिक अभ्यास और ऑपरेशनल अनुभव साझा करने पर फोकस रहा। इस अभ्यास का उद्देश्य दोनों सेनाओं के बीच तालमेल, संयुक्त ऑपरेशन की क्षमता और आपसी सहयोग को मजबूत करना है.
दूसरे दिन की शुरुआत नेपाली सेना की ओर से M16 राइफल और M4 कार्बाइन के इस्तेमाल और हैंडलिंग की ट्रेनिंग से हुई। इस दौरान भारतीय सैनिकों को इन हथियारों की कार्यप्रणाली, इस्तेमाल की प्रक्रिया और संचालन से जुड़ी जानकारी दी गई। दोनों सेनाओं ने एक-दूसरे के अनुभवों और सैन्य ज्ञान को भी साझा किया।
इसके बाद काउंटर इंसर्जेंसी और काउंटर टेररिज्म यानी आतंकवाद विरोधी ऑपरेशन के माहौल में एंबुश और अचानक हमले की स्थिति में जवाबी कार्रवाई से जुड़े ड्रिल का प्रदर्शन किया गया। नेपाली सेना ने इन ड्रिल को प्रदर्शित किया, जिसके बाद भारत और नेपाल के सैनिकों ने मिलकर इनका अभ्यास किया.
संयुक्त अभ्यास के दौरान दोनों सेनाओं ने अपने सामरिक तरीकों, ऑपरेशन के दौरान अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं और अनुभवों को साझा किया। इससे सैनिकों के बीच बेहतर तालमेल, एक टीम के रूप में काम करने की क्षमता और संयुक्त ऑपरेशन में प्रभावी तरीके से कार्रवाई करने की समझ विकसित हुई.
अभ्यास के दौरान नेपाली सेना के एक अधिकारी ने नेपाल की ऐतिहासिक विरासत, संस्कृति, भौगोलिक परिस्थितियों और सैन्य संगठन पर प्रस्तुति भी दी. इससे भारतीय सैनिकों को नेपाल और वहां की सेना को बेहतर तरीके से समझने का मौका मिला.
सूर्यकिरण XX के दूसरे दिन का अभ्यास सैन्य ट्रेनिंग के साथ-साथ सांस्कृतिक और पेशेवर आदान-प्रदान पर भी केंद्रित रहा. भारत और नेपाल के बीच इस तरह के संयुक्त सैन्य अभ्यास दोनों देशों की सेनाओं के बीच विश्वास, सैन्य सहयोग और भविष्य में संयुक्त ऑपरेशन की क्षमता को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाते हैं.