चुनाव में धांधली पर रोना बंद कर आत्म मंथन करे पार्टी… MLC चुनाव में 0 पर सिमटी कांग्रेस पर केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी का हमला

चुनाव में धांधली पर रोना बंद कर आत्म मंथन करे पार्टी… MLC चुनाव में 0 पर सिमटी कांग्रेस पर केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी का ह

कांग्रेस के लिए एमएलसी चुनाव बहुत ही निराशाजनक रहा और 4 राज्यों की 28 सीटों पर हुए चुनाव में पार्टी को एक भी सीट नहीं मिली. इस तरह से पार्टी का खाता तक नहीं खुला. यह चुनाव बैलेट पेपर से कराया गया और कांग्रेस देश में इसी माध्यम से चुनाव कराने की मांग कर रही है. चुनाव परिणाम के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए निशाना साधा फिर केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने भी चुटकी लेते हुए कहा कि कांग्रेस का पूरी तरह से सफाया हो गया है. चुनाव में धांधली का रोना बंद कर उसे हार पर आत्म-मंथन करना चाहिए.

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपने पोस्ट के जरिए कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, “बटन हो या बैलेट: परिणाम एक ही होता है. चुनाव में कांग्रेस का पूरी तरह से सफाया हो गया है. देश भर में 28 MLC सीटों में से उसे एक भी सीट नहीं मिली.”

जनता के जनादेश को नहीं छिपा सकतेः जोशी

जोशी ने आगे कहा, “यह वही पार्टी है जो लगातार ‘वोट चोरी’ का राग अलापती है और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठाती है, लेकिन वह एक भी सीट नहीं जीत सकी, यहां तक कि कर्नाटक में भी, जहां वह सत्ता में है, वहां भी उसने अपने मौजूदा सदस्य की सीट गंवा दी.”

उन्होंने आगे कहा, “कांग्रेस चुनाव परिणाम के बाद अक्सर EVM को लेकर चिंता जताती है, लेकिन बैलेट पेपर पर भी नतीजा वही रहता है. जब फैसला उनके खिलाफ जाता है, तो कांग्रेस सिस्टम को दोष देती है. लेकिन कितने भी बहाने बना लिए जाएं, जनता के जनादेश को छिपाया नहीं जा सकता.”

चुनाव में धांधली का रोना बंद करें, मंथन करेंः जोशी

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए केंद्रीय मंत्री जोशी ने कहा, “राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व को अब चुनाव में धांधली का रोना बंद कर देना चाहिए और बार-बार की अपनी चुनावी हार पर आत्म-मंथन करना चाहिए.” विपक्षी दलों की ओर से चुनाव में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) की जगह बैलेट पेपर से चुनाव कराया जाना अहम मांग की जाती रही है.

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विधान परिषद चुनावों में बैलेट पेपर के इस्तेमाल के बावजूद कांग्रेस के खराब प्रदर्शन पर बुधवार को तंज कसा. एमएलसी चुनाव के घोषित नतीजों में, कर्नाटक में कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिली, जबकि बीजेपी ने उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की 6 और समाजवादी पार्टी ने 3 सीटें जीत लीं. 4 राज्यों में उच्च सदन की 28 सीट के लिए पिछले दिनों द्विवार्षिक चुनाव कराए गए थे.

पीएम मोदी ने भी कांग्रेस के 0 पर साधा निशाना

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया X पर एक पोस्ट में कहा, “उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और कर्नाटक जैसे 4 बड़े राज्यों की 28 सीट पर विधान परिषद चुनाव हुए. यह चुनाव बैलेट पेपर से कराए गए. अंदाजा लगाइए कि कांग्रेस ने कितनी सीट जीतीं?”
चुनाव के बाद काउंटिंग कल मंगलवार को शुरू हुई थी और कुछ सीट पर आज बुधवार को भी जारी रही.

उत्तर प्रदेश में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की 6 और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की 5 सीटों के अलावा, बिहार में चार4-4, कर्नाटक में 2-2 जबकि महाराष्ट्र में स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की 3 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की 2 सीट पर 23 अक्टूबर को वोटिंग कराई गई थी. कर्नाटक में सत्तारुढ़ कांग्रेस को जोरदार झटका लगा क्योंकि उसे सभी चारों सीट पर हार का सामना करना पड़ा. विपक्षी जनता दल (सेकुलर) ने सत्तारूढ़ दल से एक सीट छीन ली, जबकि उसकी सहयोगी बीजेपी ने शेष 3 सीट अपने नाम कर लिया.

Prev Post
Next Post